तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। महिला थाना में 25 वर्षीय युवती द्वारा गांव के मनीष राठिया (30 वर्ष), पिता चकबंदी राठिया के विरुद्ध छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पीड़िता ने बताया कि आरोपी पूर्व में भी दिशा मैदान के लिए जाने वाली गांव की महिलाओं के साथ छेड़छाड़ एवं अशोभनीय हरकतें करता था। इस संबंध में ग्रामीणों एवं बीडीसी द्वारा उसे समझाइश भी दी गई थी, लेकिन उसके व्यवहार में सुधार नहीं हुआ।
पीड़िता के अनुसार, दिनांक 18 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 6:30 बजे वह घर के पास जंगल में दिशा मैदान के लिए गई थी। इसी दौरान आरोपी झाड़ियों के पीछे छिपा हुआ था। आरोप है कि उसने गलत नीयत से पीड़िता के पास पहुँचकर उसका हाथ और साड़ी पकड़कर खींचतान करते हुए छेड़छाड़ की। पीड़िता की रिपोर्ट पर महिला थाना में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान पीड़िता एवं गवाहों के बयान दर्ज किए गए तथा पीड़िता का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। आरोपी की तलाश के लिए महिला थाना और थाना चक्रधरनगर की पेट्रोलिंग पार्टी रवाना की गई। पुलिस ने आरोपी को उसके निवास पर उपस्थित मिलने पर हिरासत में लेकर महिला थाना के सुपुर्द किया। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में महिला थाना प्रभारी उप-निरीक्षक कुसुम केंवट, विवेचना अधिकारी प्रधान आरक्षक प्रमिला महंत तथा थाना चक्रधरनगर की पुलिस पेट्रोलिंग टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



