💥आरोपी पति गिरफ्तार, आरोपी की बिगड़ी तबियत तो अस्पताल में उपचार के दौरान पुलिस रख रही थी निगरानी।
तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। पत्नी को क्या पता था कि अपने रिश्तेदार के घर जाने की जिद उसके मौत का फरमान लेकर आएगी और उसका जीवन साथी, जिसने सात फेरे लेकर जीवन भर साथ निभाने का वादा किया था वही उसकी बेरहमी से हत्या कर देगा। जी हाँ, ऐसी ही दिल को झकझोर देने वाली एक तस्वीर सामने आयी है, जिसे देखकर अवाक रह जायेंगे।
जानकारी के अनुसार, पुसौर पुलिस ने ग्राम सूपा में पत्नी की हत्या के मामले में आरोपी पति अमृत लाल महंत को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी पर मामूली घरेलू विवाद के दौरान फावड़े से हमला कर अपनी पत्नी रूप कुंवर महंत (41 वर्ष) की हत्या करने का आरोप है। घटना के बाद आरोपी का रक्तचाप अत्यधिक बढ़ जाने और स्वास्थ्य खराब होने के कारण उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस दौरान पुलिस टीम लगातार उस पर निगरानी रखे हुए थी। स्वास्थ्य में सुधार के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने पत्नी के साथ विवाद होने पर फावड़े से मारपीट करना स्वीकार किया। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त फावड़ा और घटना के समय आरोपी द्वारा पहने गए कपड़ों सहित महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए हैं।

बता दें कि 11 अक्टूबर को मृतका का पुत्र सूरज दास महंत, पिता अमृत लाल महंत, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम सूपा, थाना पुसौर ने थाने में मर्ग सूचना दर्ज कराई। उसने बताया कि 10 अक्टूबर की रात लगभग 8:30 बजे वह अडानी प्लांट से ड्यूटी कर घर लौटा तो उसकी मां रूप कुंवर महंत घर की परछी में जमीन पर अचेत अवस्था में पड़ी थी। उनके पिता अमृत लाल महंत भी वहीं बैठा हुआ था। मां को हिलाकर देखने पर शरीर में कोई हलचल नहीं मिली। उनके कान से खून निकल रहा था तथा दोनों हाथों की कलाइयों के ऊपर चोट के निशान और घर में जगह-जगह खून के छींटे दिखाई दे रहे थे। पिता से पूछने पर उसने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। इसके बाद सूरज ने अपने भाई और आसपास के लोगों को बुलाया तथा मां को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुसौर ले गया, जहाँ चिकित्सक ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी पुसौर निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस ने वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए एफएसएल एवं सीन ऑफ क्राइम की फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कराया। जाँच के दौरान घर के अंदर जमीन पर अत्यधिक मात्रा में खून पाया गया। कमरे में रखे पलंग के पाए, फ्रिज, कूलर, कपड़ों और दीवारों पर भी मानव रक्त के निशान मिले। घटनास्थल पर मिले फावड़े और लकड़ी के डंडे पर भी मानव रक्त जैसे निशान पाए जाने की पुष्टि के लिए फॉरेंसिक टीम ने परीक्षण किया। प्रारंभिक जाँच में घटना के समय घर में पति-पत्नी के अलावा किसी अन्य व्यक्ति की मौजूदगी सामने नहीं आने पर पुलिस का संदेह मृतिका के पति अमृत लाल महंत पर गहराया। इसी दौरान अमृत लाल महंत का रक्तचाप अत्यधिक बढ़ जाने से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुसौर में भर्ती कराया गया। पुलिस टीम अस्पताल में उसके स्वास्थ्य और गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखे हुए थी। उपचार के बाद स्वस्थ होने पर उसे थाने लाकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना की रात उसकी पत्नी खाना बनाने से इनकार कर रही थी और ग्राम रैबार स्थित अपने रिश्तेदार के घर जाने की जिद कर रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जो बढ़ गया। आरोपी ने फावड़े से हमला कर पत्नी की हत्या करना स्वीकार किया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस, उप निरीक्षक कुंदन लाल गौर, प्रधान आरक्षक बसंत पाण्डेय, आरक्षक राहुल सिदार एवं थाना पुसौर के हमराह स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
“घरेलू विवाद में हिंसा और गंभीर अपराध करने वालों के विरुद्ध रायगढ़ पुलिस सख्त वैधानिक कार्रवाई करेगी। ऐसे मामलों में साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष विवेचना कर आरोपियों को कानून के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।”- एसएसपी शशि मोहन सिंह, रायगढ़।



