तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। एक तरफ जहाँ जिले की पुलिस चौबीस घंटे अलर्ट मोड पर है। छोटी हो या बड़ी वारदात, पुलिस पाताल में भी छुपे अपराधियों को तत्काल ढूंढ़ कर कानून के हवाले कर रही है, फिर भी अपराधियों के हौसले न जाने क्यों इतने बुलंद होते जा रहे हैं कि वे किसी के भी घर दिन-दहाड़े घुसकर महिलाओं से छेड़छाड़ और धमकी देने जैसे वारदात को अंजाम देने से बाज नहीं आ रहे हैं। बता दें कि, कोतरारोड़ पुलिस ने महिला से छेड़छाड़ और धमकी देने के मामले में एक आरोपी संतोष चंद्रा उर्फ मंझला (30 वर्ष), निवासी ग्राम अरसिया, थाना जैजैपुर, जिला सक्ती को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा है। आरोपी के विरुद्ध थाना कोतरारोड़ में अपराध दर्ज कर विवेचना की जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता 24 वर्षीय महिला ने आज 16 अक्टूबर को थाना कोतरारोड़ पहुँचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। महिला ने बताया कि करीब एक माह पूर्व वह किरोड़ीमलनगर में किराये के मकान में रहती थी, जहाँ आरोपी संतोष चंद्रा भी किराये पर रहता था। इसी दौरान आरोपी ने उसके साथ छेड़छाड़ की थी। बदनामी के डर से उस समय महिला ने शिकायत दर्ज नहीं कराई और अपने गांव चली गई थी। पीड़िता के अनुसार, वह 9 अक्टूबर को वापस लौटकर अपने परिवार के साथ दूसरे स्थान पर रहने लगी थी। 10 अक्टूबर को आरोपी उसका पता तलाशते हुए उसके नए मकान तक पहुँच गया और मकान मालिक से अपनी बहन से मिलने आने की बात कहकर दरवाजा खटखटाने लगा। महिला ने दरवाजा नहीं खोला और अपने भाई को इसकी जानकारी दी। भाई के द्वारा मकान मालिक से संपर्क किया गया, जिसके बाद आरोपी वहाँ से भाग गया। पीड़िता ने आगे बताया कि 16 अक्टूबर की सुबह भी आरोपी चुपचाप उसके मकान में घुस आया। जब वह बाथरूम जा रही थी, तब आरोपी ने उसके साथ छेड़छाड़ की और घटना किसी को बताने पर उसके पति एवं बच्चों को जान से मारने की धमकी दी।
विवेचना के दौरान पुलिस ने पीड़िता और गवाहों के बयान दर्ज किए तथा प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर आरोपी संतोष चंद्रा को हिरासत में लिया। आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में रिमांड हेतु पेश किया गया, जहाँ से जेल वारंट पर जेल भेज दिया गया।
आरोपी की पतासाजी, गिरफ्तारी एवं कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शील आदित्य सिंह, प्रशिक्षु उप निरीक्षक प्रिया साहू, सहायक उप निरीक्षक मनमोहन बैरागी तथा आरक्षक चंद्रेश पांडेय, मनोज यादव, अजय साय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
“महिलाओं के विरुद्ध छेड़छाड़, उत्पीड़न और धमकी जैसे अपराधों पर रायगढ़ पुलिस गंभीरता से कार्रवाई कर रही है। महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पीड़ित महिलाएं बिना किसी भय या संकोच के पुलिस को सूचना दें, ताकि समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।”- एसएसपी शशि मोहन सिंह, रायगढ़।



