💥घटनास्थल से मिले गमछे और पुलिस डॉग 'रूबी' की मदद से आरोपी तक पहुँची पुलिस।
💥आरोपी पूर्व में दुष्कर्म के मामले में जा चुका है जेल, अब दोस्त की हत्या के अपराध में फिर पहुँचा जेल।
तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। इंसान के दिलो-दिमाग पर शराब का नशा इतना हावी हो चुका है कि नशे की झोंक में मामूली विवाद पर अपना आपा खो बैठता है तथा अपने ही लोगों की हत्या तक करने से नहीं हिचकता, और जब नशा उतरता है तब तक काफी देर हो चुकी होती है। हथकड़ी, कोर्ट व जेल की बारी आती है तो सिवाय पश्चात्ताप के आँसू बहाने के और कोई रास्ता नहीं बचता। ऐसे ही एक घटना में दो मित्र साथ बैठकर खा पी रहे थे इसी दरमियान किसी बात को लेकर कहा-सुनी हुई और एक दोस्त ने आवेश में आकर दूसरे दोस्त के ऊपर घर में रखे सिल बट्टे से ताबड़तोड़ हमला कर मौत की नींद सुला दी।
यह घटना लैलूंगा थानांतर्गत ग्राम भकुर्रा की है जहाँ लैलूंगा पुलिस ने युवक की हत्या के सनसनीखेज मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए मृतक के ही दोस्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने आपसी रंजिश और विवाद के दौरान घरेलू सिल बट्टा से सिर एवं गर्दन पर जानलेवा प्रहार कर युवक की हत्या कर दी थी। पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्यों, घटनास्थल से मिले महत्वपूर्ण सुराग तथा पुलिस डॉग 'रूबी' की सहायता से आरोपी तक पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम भकुर्रा आवासपारा निवासी गोरखनाथ चौहान (65 वर्ष) ने 12 जुलाई 2026 की रात थाना लैलूंगा में सूचना दी कि उसके पुत्र रामनाथ उर्फ सोनू चौहान (23 वर्ष) का शव घर की परछी में पड़ा हुआ है। मृतक के सिर एवं गर्दन के पास भारी वजनी सिल पत्थर पड़ा था। प्रार्थी ने बताया कि उसका पुत्र शराब का आदी था तथा नशे की हालत में अक्सर अपनी मां से विवाद और मारपीट करता था, जिसके कारण उसकी मां एक सप्ताह पूर्व अपनी बेटी के घर ग्राम जमुना चली गई थी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे, घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कराया, शव का पोस्टमार्टम कराया तथा घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य, जिनमें आरोपी का गमछा भी शामिल था, जब्त किया गया।
जांच के दौरान डॉग स्क्वाड की मदद ली गई पुलिस डॉग 'रूबी' को डाग मास्टर विरेन्द्र अनंत ने घटनास्थल से मिले सुराग के आधार पर कई लोगों को खड़ा किया गया। पुलिस डॉग रूबी ने मृतक के मित्र भुवनेश्वर यादव तक पहुंचकर स्पष्ट संकेत दिए। संदेह के आधार पर उसे हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि घटना वाले दिन वह और मृतक साथ बैठकर खाना खा रहे थे तथा शराब पी रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद उसने घर में रखे भारी सिल बट्टे से रामनाथ उर्फ सोनू के सिर एवं गर्दन पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी। आरोपी के मेमोरेंडम पर घटना के समय पहने गए फुल पैंट एवं टी-शर्ट भी जब्त किए गए।
विवेचना में आरोपी भुवनेश्वर यादव पिता स्वर्गीय तिलूराम यादव, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम भकुर्रा, थाना लैलूंगा, जिला रायगढ़ के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का अपराध प्रमाणित पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पूर्व में दुष्कर्म के एक मामले में भी जेल जा चुका है।

सुपर इन्वेस्टीगेटर थाना प्रभारी लैलूंगा उप-निरीक्षक गिरधारी साव एवं उनकी टीम की त्वरित एवं साक्ष्य-आधारित विवेचना से हत्या के इस मामले का शीघ्र खुलासा कर आरोपी को कानून के दायरे में लाया गया। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने इस हत्या के मामले के खुलासे में थाना प्रभारी लैलूंगा उप निरीक्षक गिरधारी साव, थाना लैलूंगा की टीम तथा पुलिस डॉग 'रूबी' की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना करते हुए डॉग मास्टर आरक्षक वीरेन्द्र अनंत को उत्कृष्ट कार्य के लिए पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
"रायगढ़ पुलिस हर गंभीर अपराध की वैज्ञानिक एवं साक्ष्य-आधारित विवेचना कर अपराधियों को कानून के शिकंजे तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हत्या जैसे जघन्य अपराधों में त्वरित जांच और प्रभावी कार्रवाई हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।"-एसएसपी शशि मोहन सिंह, रायगढ़।



