💥दो लूट की वारदातों का खुलासा, 3 मोबाइल, 1000 रुपये नकद तथा वारदात में प्रयुक्त जावा और पल्सर बाइक जब्त।
तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। जिले के कोतरारोड़ पुलिस ने राहगीरों से गिरोह बनाकर लूटपाट करने वाले आरोपियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दो अलग-अलग लूट की वारदातों का खुलासा करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, साथ ही एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से लूटे गए 3 मोबाइल फोन, 1000 रुपये नकद तथा वारदात में प्रयुक्त जावा और पल्सर बाइक बरामद की गई है। प्रकरण में आरोपियों की संख्या पांच से अधिक होने पर लूट की धाराओं में आवश्यक संशोधन करते हुए डकैती की धारा 310(2) बीएनएस जोड़ी गई है।
पहली वारदात में दो युवकों से मारपीट, मोबाइल और ऑनलाइन ₹4,000 की लूट
दिनांक 09 सितंबर 2026 को गेल्वे कंपनी के सेल्समैन गोविंद सिंह धुर्वे, उम्र 18 वर्ष, निवासी मजगांवा, थाना राजेंद्रग्राम, जिला अनूपपुर (म.प्र.) ने थाना कोतरारोड़ में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि 08 सितंबर को किरोड़ीमलनगर रेलवे लाइन किनारे विमल उरांव अपने 6-7 साथियों के साथ तीन मोटरसाइकिलों में पहुँचा और पैसे की मांग की। पैसे नहीं होने की बात कहने पर आरोपियों ने उसका पोको सी-50 मोबाइल तथा उसके साथी नरेश सिंह का रियलमी मोबाइल लूट लिया। विरोध करने पर आरोपियों ने दोनों के साथ मारपीट की। इसके बाद नरेश के मोबाइल से एक दुकान पर 4000 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कराए और मोबाइल वापस कर दिया। मारपीट में गोविंद के होंठ और गाल में चोट आई। इस मामले में थाना कोतरारोड़ में अपराध क्रमांक 329/2026, धारा 309(6), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया।
रेलवे स्टेशन के पास दूसरे सेल्समैन से भी मारपीट कर मोबाइल और पर्स लूटा
गेल्वे के ही एक और सेल्समैन का काम करने वाले आर्यन बंजारे, उम्र 21 वर्ष, निवासी ग्राम बोहारडीह, थाना पचपेड़ी, जिला बिलासपुर, वर्तमान निवास अटल चौक के पास किरोड़ीमलनगर ने थाना कोतरारोड़ में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि 08 सितंबर की शाम करीब 6:30 से 7 बजे के बीच वह रेलवे स्टेशन की ओर घूमने जा रहा था। रेलवे स्टेशन चौक के पास लाल रंग की पल्सर और एक अन्य बाइक में सवार 6-7 युवक पहुँचे और उसके साथ मारपीट कर रेडमी 9 प्रो मोबाइल तथा पर्स लूटकर फरार हो गए। पर्स में पैन कार्ड और आधार कार्ड भी रखे थे। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना कोतरारोड़ में अपराध क्रमांक 332/2026, धारा 309(6), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पूछताछ में गिरोह का हुआ खुलासा
दोनों घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी शील आदित्य सिंह द्वारा नामजद आरोपियों की पतासाजी शुरू की गई। किरोड़ीमलनगर क्षेत्र के लोगों से पूछताछ में पुलिस को जानकारी मिली कि विमल उरांव और उसके साथी क्षेत्र में आए दिन लोगों से लूटपाट करते हैं। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने दोनों घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि पीड़ित के साथी नरेश सिंह से ऑनलाइन ट्रांसफर कराए गए 4000 रुपये में से 1000 रुपये बची रकम का आपस में बंटवारा किया गया था।
आरोपियों के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर लूट में शामिल अन्य आरोपियों की पतासाजी कर उन्हें भी अभिरक्षा में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने रेलवे लाइन किनारे चिराईपानी तथा रेलवे स्टेशन के सामने लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया।
गिरफ्तार आरोपी -
1. विमल उरांव, पिता रमेश उरांव, उम्र 22 वर्ष, निवासी कोसमपाली गोदामडिपा, थाना-कोतरारोड़।
2. रितेश कुमार महंत उर्फ गोल्डी, पिता बसंत कुमार महंत, उम्र 21 वर्ष, निवासी कोसमपाली अटल चौक, थाना-कोतरारोड़।
3. दुर्गेश चौहान, पिता मेघनाथ चौहान, उम्र 19 वर्ष, निवासी गोदामडिपा कोसमपाली, थाना-कोतरारोड़।
4. बिट्टू उर्फ विवेक पटैल, पिता गरजन पटैल, उम्र 22 वर्ष, निवासी कुथुर, थाना पामगढ़, जिला जांजगीर-चांपा, हाल गणेश चौक किरोड़ीमलनगर, थाना-कोतरारोड़।
5. महावीर पटैल, पिता रामचरण पटैल, उम्र 19 वर्ष, निवासी कुथुर, थाना पामगढ़, जिला जांजगीर-चांपा, हाल गणेश चौक किरोड़ीमलनगर, थाना-कोतरारोड़।
6. ऋषि चौहान, पिता जनकराम चौहान, उम्र 19 वर्ष, निवासी गोदामडिपा कोसमपाली, थाना-कोतरारोड़।
7. विधि से संघर्षरत बालक।
सभी आरोपियों को डकैती के अपराध में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन, एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्ग दर्शन तथा डीएसपी श्रीमती उन्नति ठाकुर के सुपरविजन पर आरोपियों की पतासाजी, गिरफ्तारी एवं लूट की संपत्ति बरामद करने में थाना प्रभारी शील आदित्य सिंह, एएसआई मनमोहन बैरागी, आरक्षक मनोज यादव, बंशी रात्रे, राजेश खाण्डे, चुड़ामणी गुप्ता एवं चन्द्रेश पाण्डेय की अहम भूमिका रही।


