विश्व पर्यावरण दिवस के आने से पूर्व नगर निगम एवं पर्यावरण मण्डल की सिंगल यूज प्लास्टिक के विरुद्ध कार्रवाई 

💥 नगर निगम एवं पर्यावरण मंडल की संयुक्त कार्रवाई में  10 किलो से अधिक प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त, 8 संस्थानों पर 8400 रुपए जुर्माना।

तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। जहरीले नाग की तरह कुंडली मार कर बैठे भ्रष्टाचार के जमाने में दिखाने के लिए केवल औपचारिकताएं शेष रह गयी है। त्यौहार हो या दिवस साल में एक बार आते हैं और तभी जिम्मेदारों की सक्रियता दिखाई देती है। ऐसी ही कुछ तस्वीरें रायगढ़ में देखने को मिली जहाँ शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरण अनुकूल बनाए रखने के कथित उद्देश्य से नगर निगम एवं पर्यावरण मंडल की संयुक्त टीम द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक के विरुद्ध विशेष अभियान चलाते हुए गौरी शंकर मंदिर रोड एवं गोपी टॉकीज रोड स्थित विभिन्न व्यावसायिक संस्थानों में सघन जांच एवं कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान टीम ने दुकानों, प्रतिष्ठानों एवं अन्य व्यावसायिक संस्थानों में प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक सामग्री के उपयोग, भंडारण एवं वितरण की जांच की। निरीक्षण के दौरान विभिन्न संस्थानों से 10 किलो से अधिक सिंगल यूज प्लास्टिक कैरीबैग जब्त किए गए। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले 8 संस्थान संचालकों पर कुल 8400 रुपए का जुर्माना लगाया गया। संबंधित संस्थान संचालकों को भविष्य में प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री का उपयोग एवं भंडारण नहीं करने की सख्त हिदायत भी दी गई।
संयुक्त टीम द्वारा संस्थान संचालकों एवं व्यापारियों को सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी देते हुए कपड़े एवं अन्य पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने की समझाइश भी दी गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग, विक्रय एवं भंडारण के विरुद्ध आगे भी नियमित कार्रवाई जारी रहेगी।
       फिलहाल, अब यह देखने वाली बात होगी कि आगे भी भविष्य में इस प्रकार की कार्रवाई निरन्तर जारी रहेगी या फिर पूरे साल प्लास्टिक यूज होते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *