💥ग्राम जतरी और आसपास की महिलाओं को मोटे मुनाफे का लालच देकर की गई थी ठगी, महिला साथी के साथ मिलकर रची थी साजिश।
तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। शेयर मार्केट में पैसा निवेश कर कम समय में रकम दोगुनी करने और मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर ग्रामीण महिलाओं से लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में साइबर थाना रायगढ़ पुलिस ने मुख्य आरोपी मिनकेतन सिदार को गिरफ्तार किया है। आरोपी को तमनार क्षेत्र में उसके गांव में दबिश देकर पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार आरोपी ने महिला आरोपी मेनका सारथी के साथ मिलकर ग्राम जतरी, थाना पुसौर और आसपास के गांवों की महिलाओं को निवेश के नाम पर अपने झांसे में लिया था। इस मामले में कुल 70,77,901 रुपये की राशि प्राप्त किए जाने की शिकायत सामने आई है। आरोपी से अपराध में प्रयुक्त मोबाइल फोन और बैंक खाते से संबंधित जानकारी जब्त की गई है। उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी शेष है, विवेचना जारी है।



