चाचा को फंसाने भतीजे ने पीएम मोदी को दे दी उड़ाने की धमकी

💥"मोदी को पटना में उड़ा दिया जायगा" पीएम को धमकी से पुलिस में मचा हड़कंप।

💥फर्जी मैसेज भेजने वाले आरोपी को पुलिस ने किया सुल्तानगंज से गिरफ्तार।

💥 चाचा-भतीजे के बीच जमीन का विवाद, चाचा के नंबर से भतीजे ने किया फर्जी मैसेज।

तहतक न्यूज/भागलपुर, बिहार।
पारिवारिक विवाद आज के समय में इतना खतरनाक हो गया है कि लोगों का अपने ही परिवार के रिश्ते-नातेदारों से भरोसा उठने लगा है। खासकर पैतृक संपत्ति को लेकर लगभग सभी घरों में कुछ न कुछ मन-मुटाव या विवाद की स्थिति देखने को मिल रही है। धन का लालच इतना बढ़ गया है कि उसे पाने के लिए लालची इंसान गलत रास्ते की ओर किसी भी हद तक जाने को तैयार हो जाता है। ऐसे ही एक मामले में एक सरफिरे भतीजे ने अपने ही बुजुर्ग चाचा को फंसाने के लिए षड़यंत्र का जाल कुछ ऐसे फैलाया जिसमें बुजुर्ग तो बच गये, लेकिन भतीजा खुद ही उस जाल में फँस गया।

आपको बता दें कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बिहार दौरे के दौरान बम से उड़ा देने की धमकी पुलिस को मिली। इस मैसेज से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया, पुलिस अधिकारियों को मैसेज मिला कि 'मोदी पटना आ रहे हैं, वहीं उनको उड़ा दिया जायेगा' मैसेज मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गयीं और धमकी भरा मैसेज भेजने वाले आरोपी को भागलपुर के सुल्तानगंज से गिरफ्तार कर लिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय बिहार दौरे पर गुरुवार को पटना पहुंचे। मोदी के पटना पहुंचने से पहले ही भागलपुर के पुलिस अधिकारियों को एक मैसेज मिला, जिसमें पीएम मोदी को पटना में उड़ा देने की धमकी दी गयी थी। इस मैसेज से पुलिस अधिकारियों के होश उड़ गये। पुलिस तत्काल इस मामले पर एक्शन लेते हुए मैसेज भेजने वाले को ट्रेस किया, तो मालूम हुआ कि यह नंबर एक बुजुर्ग व्यक्ति मंटू चौधरी के नाम पर रजिस्टर्ड है जोकि भागलपुर जिले में सुल्तानगंज के निवासी हैं। पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पता चला कि बुजुर्ग के भतीजे ने ही उन्हें फंसाने के लिए धमकी भरा फर्जी मैसेज भेज दिया था। दरअसल, जमीन को लेकर दोनों चाचा-भतीजे के बीच विवाद है। पुलिस ने भतीजे समीर कुमार रंजन को गिरफ्तार कर पूछताछ की, जिसमें उसने बताया कि उसने मैसेज भागलपुर एसएसपी के अलावा कई थानों की पुलिस को भेजा था। जाँच में यह भी पता चला है कि उसने प्रधानमंत्री के भागलपुर दौरे के बीच एयरपोर्ट पर बम लगाने का मैसेज भी भेजा था। इस प्रकार समीर ने बदले की भावना से अपने ही चाचा को फंसाने के लिए ऐसा मैसेज भेजा था।



फिलहाल, पुलिस मामले की गंभीरता से जाँच कर रही है, परन्तु सवाल उठता है कि देश के प्रधानमंत्री को उड़ा देने की धमकी भरे मैसेज देने की लोग दुस्साहस कैसे कर लेते हैं? जबकि हर कोई जानता है कि पकड़े जायेंगे और इसका परिणाम भी भुगतना पड़ेगा। वो तो अच्छी बात रही कि योग्य पुलिस और मजबूत सुरक्षा तंत्र ने आरोपी को तत्काल अपनी गिरफ्त में ले लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *