एक ही परिवार के पाँच सदस्यों की रहस्यमय परिस्थितियों में मिले शव, सामूहिक आत्महत्या की आशंका

तहतक न्यूज/रायपुर, छत्तीसगढ़।
प्रदेश की राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र से अत्यंत ही दुःखद और दिल को दहला देने वाली घटना की तस्वीर सामने आयी है। संजय नगर (मदनी चौक) में एक ही परिवार के पांच लोगों के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी है। लोगों में दहशत और शोक का माहौल है।
         पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में यह मामला सामूहिक खुदकुशी का प्रतीत हो रहा है, जिसमें आर्थिक तंगी और कर्ज को मुख्य वजह माना जा रहा है। परिवार के मुखिया साजिद अली (उम्र 50 वर्ष) और उनकी पत्नी व तीन बच्चों के शव घर के भीतर मिले हैं। शुरुआती फॉरेंसिक (FSL) जांच के मुताबिक, आशंका जताई जा रही है कि परिवार के सदस्यों ने किसी विषाक्त पदार्थ का सेवन किया था। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। मृतकों में साजिद अली (पति - उम्र 50 वर्ष, व्यवसायी) राबिया/राजिया बानो (पत्नी - उम्र 45 वर्ष) इरशाद अली (बेटा - उम्र 19/20 वर्ष) शाहिदा बेगम (बेटी - उम्र 15/16 वर्ष) इरशाबा परवीन (बेटी - उम्र 12/16 वर्ष) के नाम सामने आये हैं।

         बताया जा रहा है कि, यह परिवार करीब 8 महीने पहले ही संजय नगर में किराए के मकान में रहने आया था। शुक्रवार को पूरे दिन घर का दरवाजा अंदर से बंद रहने और फोन न उठाने पर पड़ोसियों को शक हुआ। स्थानीय लोगों ने तुरंत टिकरापारा थाना पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने दरवाजा तोड़कर घर में प्रवेश किया। पुलिस व एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए हैं और फिलहाल मकान को सील कर दिया गया है।
        पुलिस मामले की जांच आर्थिक तनाव और ऋण के दबाव के दृष्टिकोण से कर रही है। परिजनों और पड़ोसियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। सभी पांचों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो पायेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *