एन.आर.व्ही.एस. प्लांट के फर्नेस में धमाका, तीन श्रमिक झुलसे, एक की हालत नाजुक

तहतक न्यूज/तराईमाल-रायगढ़, छत्तीसगढ़।
रायगढ़-घरघोड़ा मुख्यमार्ग में पड़ने वाले ग्राम तराईमाल स्थित एन.आर.व्ही.एस. कंपनी में शुक्रवार सुबह एक भयानक औद्योगिक दुर्घटना में प्लांट के ब्लास्ट फर्नेस में हुए जोरदार धमाके में तीन मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों में से एक की हालत नाजुक होने पर उसे रायपुर रेफर किया गया है, जबकि दो अन्य का इलाज जिंदल फोर्टिस अस्पताल में जारी है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, एन.आर.व्ही.एस. में शुक्रवार सुबह लगभग 7 बजे प्लांट के स्टील मेल्टिंग शॉप सेक्शन में अचानक तेज धमाका हुआ और पूरे परिसर में घना धुआं फैल गया। इस विस्फोट की चपेट में आकर तीन मजदूर बुरी तरह झुलस गए। घटना के बाद प्लांट में मौजूद अन्य मजदूरों के बीच अफरा-तफरी मच गयी। आनन-फानन में तीनों घायल मजदूरों को तत्काल ले जाया गया, जहाँ झुलसे श्रमिकों में उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ निवासी रामनारायण यादव की स्थिति काफी गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया है। वहीं, दो अन्य मजदूरों का इलाज अस्पताल में जारी है।


उल्लेखनीय है कि पूँजीपथरा थाना क्षेत्र में दर्जनों उद्योग स्थापित हैं, जहाँ आये दिन इस तरह की भयानक दुर्घटनायें होना आम बात हो गयी हैं। सोचने वाली बात है कि औद्योगिक दुर्घटनाओं में केवल श्रमिकों की ही जानें जाती हैं। कोई ऊँचाई से गिर कर मौत के मुँह में जा रहा है तो कोई धधकती भट्ठी में भस्म होने को विवश है। सवाल उठता है कि आये दिन हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए कंपनी प्रबंधन मजदूरों के सुरक्षा के पर्याप्त व्यवस्था क्यों नहीं करते? औद्योगिक स्वास्थ्य सुरक्षा विभाग के जाँच में कई बार कंपनी प्रबंधनों की लापरवाही सामने आयी है। यह कैसी विडम्बना है कि कंपनियों द्वारा सुरक्षा उपायों में होने वाले खर्च को बचाने के फेर में श्रमिकों की जान को दाँव पर लगा देते हैं और जब हादसे में किसी की जान चली जाती है तो उससे कहीं ज्यादा मुआवजा में देना पड़ जाता है।


फिलहाल, पूंजीपथरा पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है, ताकि वास्तविक कारणों का पता चल सके। बार-बार हो रहे औद्योगिक हादसों और मजदूरों की अकाल मौतों पर सम्बंधित अधिकारियों को न केवल ठोस कदम उठाये जाने की जरुरत है, बल्कि दोषियों पर कड़ी कार्यवाही करने की आवश्यकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *