भारत विकासशील नहीं बल्कि विकसित हो जाय - जगन्नाथ पाणिग्राही

तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़।
जिला भाजपा कार्यालय रायगढ़ में आयोजित पत्रकार वार्ता में छत्तीसगढ़ प्रदेश के भाजपा उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्राही ने पत्रकारों को सम्बोधित करते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना के नाम से बिजली बिल के झटके के जरिए लोगों को आर्थिक चपत लगाना भाजपा की नीति नहीं है। महतारी वंदन माताओं के स्वाभिमान को देख किया गया है। सोलर पैनल योजना अपनाकर लोग आत्मनिर्भर बने और सब्सिडी का लाभ लें तो पर्यावरण में भी सुधार होगा।

जिला भाजपा कार्यालय में शुक्रवार शाम प्रेस कॉन्फ्रेंस में श्री पाणिग्राही ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान 25 सितंबर से 25 दिसंबर तक चल रहा है। दीनदयाल उपाध्याय के जन्मदिन से अटल बिहारी बाजपेयी के जन्मदिन तक अभियान चलेगी। पीएम मोदी ने आजादी का 100 वां साल मनाए तो भारत विकासशील नहीं, बल्कि विकसित हो जाए। कोरोना काल मे भारत आत्मनिर्भर बना, ऐसा वैक्सीन बनाया कि सात समंदर पार देशों के लिए जीवनरक्षक साबित हुआ। सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक के बाद ऑपरेशन सिंदूर ने जता दिया कि भारत को कोई भी कमतर आंकने की हिमाकत न करें। ब्रम्होस, सुदर्शन चक्र ने तो पाकिस्तान के एक भी हथियार को भारत की सरजमीं पर आने ही नहीं दिया। अर्थव्यवस्था में तीसरे स्थान पर भारत आने वाला है। अंतरिक्ष के क्षेत्र में भारत का स्वयं का प्लेटफार्म तैयार है। आर्थिक मामले में भी भारत की विश्व में बेहद मजबूत स्थिति है।


प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्राही ने आगे कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को तैयार करने सेमिनार और सम्मेलन को प्राथमिकता देंगे। वहीं डिजिटल इंडिया के माध्यम में भी आगे बढ़ने के लिए स्वदेशी सोशल मीडिया को तरजीह दी जा रही है। जैसे स्वच्छता जनता का अभियान बना, उसी तरह विदेशी चीजों का बहिष्कार कर स्वदेशी को अपनाने को जोर दिया जा रहा ताकि हमारा भारत आत्मनिर्भर और विकसित बन सके।

प्रेसवार्ता के दौरान जिला भाजपा अध्यक्ष अरुणधर दीवान, वरिष्ठ नेता श्रीकांत सोमावार, अरुण कातोरे, जतिन साव, विकास केडिया, विलिस गुप्ता, अशोक अग्रवाल, संजय अग्रवाल, पवन विजय अग्रवाल और गणेश अग्रवाल प्रमुख तौर पर मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *