जंगली हाथी ने किया ग्रामीण को घायल, क्या कभी थम पायेगा हाथी-मानव द्वन्द..?

तहतक न्यूज/लैलूंगा, छत्तीसगढ़।
जिले में जंगली हाथियों का कहर बदस्तूर जारी है। आये दिन हाथी और इंसानों के बीच द्वन्द की खबरें आम बात हो गयी हैं। इसी क्रम में आज दोपहर लगभग 4:30 बजे जंगली हाथी ने एक ग्रामीण व्यक्ति को घायल कर दिया है, जिसका उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लैलूंगा में चल रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार लैलूंगा के फुटहा मुड़ा सर्किल परिसर चिंगारी कक्ष क्र. 323 एवं 294 से लगा हुआ नदी किनारे आज 03/06/2025 को दोपहर करीब 4:30 बजे एक ग्रामीण बलभद्र पिता बोधराम उम्र 45वर्ष का जंगली हाथी से सामना हो गया। खबर मिलते ही वनकर्मी और ट्रेकर तत्काल मौके पर पहुँचे और शासकीय एम्बुलेंस से लैलूंगा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहाँ चिकित्सकों की देखरेख में उसका उपचार चल रहा है। वहीं हाथी का ट्रेकिंग कर आसपास के गाँवों में मुनादी कर लोगों को सतर्क किया जा रहा है।

वर्तमान समय में बढ़ते जा रहे हाथी मानव द्वन्द की बात करें तो विकास के नाम पर जिस तरह से जंगलों में मानव अतिक्रमण हो रहा है और इधर हाथियों की संख्या भी बढ़ रही है ऐसी स्थिति में आने वाले समय में हालात और भी गंभीर हो सकते हैं। वनों एवं वन्य जीवों के संरक्षण को लेकर बड़ी-बड़ी बातें होती हैं, कड़े नियम तय किये जाते हैं, लाखों-करोड़ों की योजनाएं बनती हैं, लेकिन यह केवल कागजों तक ही शोभायमान हैं,धरातल पर कहीं नजर नहीं आता। जब जंगल ही नहीं होंगे तो जंगल में रहने वाले जीव कहाँ जायेंगे? जंगली जानवरों और इंसानों के बीच तो मुठभेड़ होंगे ही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *