दर्जनों हाथियों की धमक और चिंघाड़ से दहला मुड़ागांव, ग्रामीणों में दहशत का माहौल

💥 दो दर्जन से अधिक की संख्या में पहुँचे गजराज, दल में कई छोटे शावक।

💥ग्राम वासियों में भय और कौतुहल का वातावरण, वन विभाग की टीम तैनात।

💥 आम के बगीचे में डाला डेरा, आम से लदे पेड़ों को किया तहस-नहस।

तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़।
जिले के लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र में गजराजों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। कहीं फसलों को बर्बाद कर रहे हैं तो कहीं बेगुनाहों की जान ले रहे हैं। बीती रात लैलूंगा के ग्राम मुड़ागांव के आम बगीचे में हाथियों का दल डेरा डाले हुए है, जिससे ग्राम वासियों में दहशत का माहौल है वहीं देखने की उत्सुकता भी बनी हुई है।

बता दें कि लैलूंगा क्षेत्र में हाथियों का कई दल विचरण कर रहा है। कल सोमवार की रात से दो दर्जन से अधिक की संख्या में हाथियों का एक दल लैलूंगा से करीब 17 कि.मी. दूर ग्राम मुड़ागांव में एक किसान चन्दन पैकरा के आम के बगीचे में डेरा डाले हुए है। हाथियों के इस बड़े दल में कुछ शावक भी हैं।



सुबह-सुबह हाथियों के चिंघाड़ सुन ग्रामीणों को जब पता चला तो देखने वालों का ताँता लग गया। सूचना मिलते ही वन विभाग के डिप्टी रेंजर नरेंद्र दत्त मिश्रा अपने दलबल के साथ मौके पर पहुँचे और मौजूद ग्रामीणों को समझाईस देते हुए उन्हें हाथियों के मूवमेंट से दूर किया।

उल्लेखनीय है कि गाँव में गर्मी की फसल धान, मूंगफली, मक्का व अन्य सब्जियाँ लगायी गयी हैं, जिसे लेकर किसान काफी चिंतित हैं। उन्हें डर है कहीं हाथियों का दल उनके खेतों पर धावा न बोल दे।

फिलहाल समाचार लिखे जाने तक हाथियों का दल आम के बगीचे में ही डटा हुआ है और पूरे बगीचे में दशहरी आम से लदे पेड़ों को तहस-नहस कर दिया है। वन अमला भी हाथियों के हर गतिविधियों पर नजर रखे हुए है। एसडीओ (फारेस्ट/लैलूंगा) के नेतृत्व में पूरी टीम सतर्कता के साथ स्थिति को नियंत्रण में लिए हुए हाथियों को जंगल की ओर भगाने के लिए प्रयासरत है।

क्या कहते हैं एसडीओ? आइये सुनते हैं -

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *