💥अंडर-14 में राष्ट्रीय चैंपियन बना OPJS, फाइनल में 4–1 से धमाकेदार जीत; SGFI के लिए क्वालीफाई।
तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। सीबीएसई बॉयज हॉकी नेशनल्स 2026-27 में ओ.पी.जिंदल स्कूल, रायगढ़ के खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल, आक्रामक रणनीति और शानदार टीमवर्क के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। प्रतियोगिता में विद्यालय की अंडर-14 टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन का खिताब अपने नाम किया, वहीं अंडर-19 टीम ने द्वितीय उपविजेता (सेकंड रनर-अप) का स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।
अंडर-14 टीम ने रचा गौरवशाली इतिहास
करनाल हरियाणा के एस पी एस स्कूल में खेले जा रहे हॉकी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के अंडर-14 बालक वर्ग के फाइनल मुकाबले में ओ.पी.जिंदल स्कूल का सामना वेल्स विद्यालया सीनियर सेकेंडरी स्कूल, तमिलनाडु (Vels Vidyalaya Senior Secondary School) से हुआ। मैच के शुरुआती क्षणों से ही OPJS के खिलाड़ियों ने आक्रामक रुख अपनाते हुए विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा। खिलाड़ियों के बीच बेहतरीन तालमेल, सटीक पासिंग, तेज गति और प्रभावशाली आक्रमण देखने को मिला। पूरे मुकाबले में OPJS की टीम ने अपना दबदबा बनाए रखा और शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 4-1 के विशाल अंतर से जीत दर्ज की।
इस शानदार विजय के साथ ओ.पी.जिंदल स्कूल की अंडर-14 बालक टीम ने राष्ट्रीय चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया और स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) के लिए क्वालीफाई कर लिया। यह उपलब्धि खिलाड़ियों की मेहनत, समर्पण, अनुशासन और उत्कृष्ट खेल भावना का प्रमाण है।

अंडर-19 टीम ने भी बढ़ाया विद्यालय का मान
अंडर-19 वर्ग में भी OPJS की टीम ने सराहनीय प्रदर्शन करते हुए द्वितीय उपविजेता का स्थान हासिल किया। दोनों आयु वर्गों में खिलाड़ियों का प्रदर्शन विद्यालय की सुदृढ़ खेल संस्कृति, निरंतर अभ्यास और टीम भावना को दर्शाता है।
टीम के हॉकी कोच जितेंद्र मेवाड़ा तथा हिमांशु ने प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों का निरंतर मार्गदर्शन किया। मैच की परिस्थितियों और विपक्षी टीम की रणनीति को ध्यान में रखते हुए समय-समय पर खेल की रणनीति में आवश्यक बदलाव किए गए। खिलाड़ियों ने इन रणनीतियों को मैदान पर प्रभावी ढंग से लागू किया, जिसके परिणामस्वरूप टीम ने शुरुआत से ही खेल पर मजबूत पकड़ बनाए रखी।
कोच जितेंद्र मेवाड़ा ने इस सफलता का श्रेय खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन, आपसी समन्वय और प्रशिक्षकों के सामूहिक प्रयासों को दिया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों का आत्मविश्वास, संघर्षशीलता और टीम के रूप में एकजुट होकर खेलने का जज्बा इस उपलब्धि की प्रमुख ताकत रहा।
प्राचार्य के मार्गदर्शन और सहयोग की रही महत्वपूर्ण भूमिका
विद्यालय के प्राचार्य आर.के.त्रिवेदी के मार्गदर्शन, प्रोत्साहन और खेल गतिविधियों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण ने भी इस सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने के अवसर प्रदान करना, नियमित अभ्यास के लिए प्रेरित करना तथा प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन हेतु आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराना विद्यालय की खेल विकास संबंधी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
प्राचार्य श्री त्रिवेदी ने खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए इस उपलब्धि को विद्यालय के लिए गर्व का विषय बताया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अंडर-14 टीम SGFI में भी इसी उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करेगी तथा विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करेगी।
विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल
राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस दोहरी सफलता से विद्यालय परिवार में हर्ष और उत्साह का वातावरण है। विद्यालय प्रबंधन, प्राचार्य, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं खेल प्रेमियों ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों, हॉकी कोच जितेंद्र मेवाड़ा तथा हिमांशु को हार्दिक बधाई दी। सभी ने अंडर-14 टीम की ऐतिहासिक जीत और SGFI के लिए उसके चयन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएँ दीं। ओ.पी.जिंदल स्कूल, रायगढ़ की यह उपलब्धि जहाँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्टता हासिल करने के प्रति विद्यालय की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है। वहीं, यह सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों में सक्रिय भागीदारी, निरंतर परिश्रम और बड़े लक्ष हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।



