सामाजिक समरसता का प्रतीक रायगढ़ का प्रसिद्ध गौरवशाली रामनवमी शोभायात्रा

तहतक न्यूज/रायगढ़।
हिन्दुओं के महापर्व चैत्र नवरात्रि महोत्सव के अन्तिम दिन श्रीराम नवमीं के अवसर पर पूरे जिले में भव्य शोभायात्रा निकाली गयी। इस कड़ी में रायगढ़ शहर में बड़े ही धूमधाम और बाजे-गाजे के साथ भगवान श्रीराम की भव्य शोभायात्रा निकली जिसमें शहर ही नहीं अपितु दूर-दूर से आये लाखों राम भक्तों ने हिस्सा लिया।

आपको बता दें कि रायगढ़ की रामनवमी शोभायात्रा पूरे देश में प्रसिद्ध है। शोभायात्रा देखने के लिए आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के अलावा अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में लोग आते हैं। आज सुबह से ही शहर के प्रमुख देवी मंदिरों सहित अन्य मंदिरों में नवमी पर पूजा-अर्चना करने के लिए भक्तों की भारी भीड़ रही। मंदिरों में भंडारे के साथ नौ कन्या भोज का भी आयोजन किया गया था। भगवा रंग और बैनर-पोस्टरों से सजा शहर का पूरा वातावरण वासंती रंग में डूबा जयश्रीराम के गगनभेदी नारों से गूंज रहा था।


दरअसल, इस बार शोभायात्रा में 60 से अधिक विभिन्न समाज और छोटी-बड़ी युवाओं की टोलियां शामिल रहीं। पहले शोभायात्रा में 30 से 40 जुलूस निकलते थे, लेकिन इस बार शोभायात्रा में शामिल होने वालों की संख्या दोगुनी रही। दोपहर नटवर स्कूल से शोभायात्रा निकली, जो शहर के स्टेशन चौक, गांधी गंज, रामनिवास चौक, गोपी टॉकीज चौक से होते हुए शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए देर रात रामलीला मैदान पहुंचेगी जहां विद्वान साधु-संतों द्वारा श्री राम की भव्य महाआरती के साथ इसका समापन किया जायेगा।



राम नवमी शोभायात्रा में इस बार नयनाभिराम झांकियों के साथ उज्जैन के प्रसिद्ध डमरू दल, 32 मुखों वाली काली माता, अघोरी बाहुबली हनुमान, बाहुबली शिव और ओडिशा का घंटा बाजा आकर्षण का केंद्र रहे वहीं, चार्ली चैपलिन, जशपुर से कर्मा दल,आदिवासी नृत्य और रंगोली ने भी लोगों को आकर्षित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *