लाखों के सरिया की हेराफेरी का आरोपी ट्रक ड्राइवर और व्यापारी हुआ गिरफ्तार

तहतक न्यूज/पूँजीपथरा।
औद्योगिक नगरी रायगढ़ जिस गति से तरक्की के हाईवे पर अग्रसर है उतनी ही रफ्तार से आपराधिक हरकतों के मामले भी सामने आ रहे हैं। ऐसे ही एक घटना में लाखों की हेराफेरी करने वाले एक ड्राइवर और एक व्यापारी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

 आपको बता दें कि थाना पूंजीपथरा पुलिस ने 35 टन सरिया की हेराफेरी के मामले में त्वरित कार्रवाई कर आरोपी ट्रक चालक और एक स्थानीय व्यापारी को गिरफ्तार करते हुए लगभग 19 लाख रुपये मूल्य का चोरी हुआ माल बरामद कर लिया है। पुलिस अधीक्षक  दिव्यांग कुमार पटेल के कुशल दिशा निर्देश में की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक विकास सिंह और व्यापारी दिनदयाल गुप्ता उर्फ बटू को मध्य प्रदेश के शहडोल में दबिश देकर पकड़ा, व्यापारी ने चोरी किए गए सरिया का बड़ा हिस्सा अपने गोदाम में खरीद लिया था।

     घटना की जानकारी के अनुसार, 7 नवंबर को रिपोर्टकर्ता दीपक बंसल (उम्र 27 वर्ष) निवासी सेक्टर 14 हिसार (हरियाणा) वर्तमान रायपुर सिक्नेचर होम ने थाना पूंजीपथरा में आवेदन देकर शिकायत की कि 16 अक्टूबर 2024 को रायगढ़ इस्पात एवं पावर प्रालि देलारी से हरियाणा के हिसार स्थित शुभम एसोसिएट के लिए 35.1 टन सरिया, जिसकी कीमत लगभग 18.96 लाख रुपये है, को ट्रांसपोर्टर M.P. छत्तीसगढ़ ट्रांसपोर्ट के जरिए भेजा गया था। सरिया लोड कर ट्रक क्रमांक CG04 PP-5256 में ट्रक चालक विकास सिंह को हरियाणा के लिए रवाना किया गया, परन्तु 6 नवंबर तक गंतव्य स्थान पर सामान नहीं पहुंचने पर शिकायतकर्ता ने ट्रक चालक और ट्रांसपोर्टर से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इस पर थाना पूंजीपथरा में 35.1 टन सरिया की चोरी का मामला अप.क्र. 247/2024 धारा 316(3) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया।

     आपराधिक मामलों में त्वरित कार्यवाही के माहिर राकेश मिश्रा एंड टीम ने एएसआई जयराम सिदार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 08 नवंबर को ट्रक चालक विकास सिंह को हिरासत में लिया, जिसने पूछताछ के दौरान बताया कि उसने शहडोल जिले के ब्यौहारी में व्यापारी दिनदयाल गुप्ता उर्फ बटू के गोदाम में 15 टन सरिया अनलोड कर दिया था। पुलिस ने विकास सिंह और व्यापारी दिनदयाल गुप्ता के मेमोरेंडम पर कुल 35.1 टन सरिया जब्त कर लिया, जिसकी कीमत लगभग 18.96 लाख रुपये है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *