तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय के निर्देशन में संचालित सेवा ही संकल्प अभियान के तहत शहर में स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ने के लिए लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में आज कालिंदी कुंज कॉलोनी एवं पार्क सिटी कॉलोनी में जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान स्वच्छता दीदियों एवं एमआरएफ प्लांट की सुपरवाइजर दीदियों ने कॉलोनीवासियों के घर-घर पहुँचकर कचरे के उचित पृथक्करण और स्वच्छता नियमों की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान नागरिकों को एसडब्ल्यूएम रूल्स 2026 के तहत चार अलग-अलग डस्टबिन रखने की आवश्यकता समझाई गई। स्वच्छता दीदियों ने बताया कि घरों से निकलने वाले कचरे को शुरुआत से ही अलग-अलग रखना स्वच्छ शहर की दिशा में सबसे महत्वपूर्ण कदम है। इसके लिए सूखा एवं गीला कचरा अलग-अलग डस्टबिन में रखने, वहीं कांच एवं अन्य जोखिमयुक्त सामग्री के लिए हजार्ड डस्टबिन तथा सैनिटरी नैपकिन, डायपर आदि के लिए विशेष केयर डस्टबिन रखने की आवश्यकता बताई गई।
घर से ही शुरू हो कचरे का उचित प्रबंधन
जागरूकता कार्यक्रम में बताया गया कि कचरे को घर से ही अलग-अलग रखने से उसके संग्रहण, परिवहन और प्रसंस्करण की प्रक्रिया बेहतर होती है। नागरिकों से अपील की गई कि वे कचरे को मिलाकर न दें तथा निगम की स्वच्छता दीदियों एवं अधिकृत कचरा संग्रहण वाहनों को ही निर्धारित तरीके से अलग-अलग कचरा उपलब्ध कराएं। स्वच्छता दीदियों ने कॉलोनीवासियों को यह भी समझाया कि कचरे को सड़क, नाली, खाली प्लॉट अथवा सार्वजनिक स्थानों पर फेंकने के बजाय निर्धारित व्यवस्था के माध्यम से निगम को सौंपें। उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता नियमों का पालन करने, आसपास गंदगी नहीं होने देने तथा अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।
स्वच्छता अभियान में जनभागीदारी को बनाया जा रहा आधार
नगर निगम द्वारा संचालित सेवा ही संकल्प अभियान का उद्देश्य केवल सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाना ही नहीं, बल्कि शहरवासियों को स्वच्छता के प्रति जिम्मेदार बनाते हुए जनभागीदारी को स्वच्छता अभियान की मजबूत कड़ी बनाना है। इसी उद्देश्य से कॉलोनियों, मोहल्लों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता की नई व्यवस्थाओं और नियमों की जानकारी दी जा रही है।
कार्यक्रम के दौरान कॉलोनीवासियों से निगम के स्वच्छता अभियानों से जुड़ने, अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा कचरा फैलाने की प्रवृत्ति को रोकने-टोकने के साथ दूसरों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करने की अपील की गई।



