घर-परिवार से टूट चुके युवक ने जिंदगी खत्म करने की बात कहते हुए सोशल मीडिया पर जारी किया वीडियो और....

💥 सुसाइड अटेम्प्ट केस में पुलिस टीम ने दिखाई तत्परता, रेलवे पटरी के पास युवक को सुरक्षित बचाया।

तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। सोशल मीडिया पर तरह-तरह के वीडियो वायरल होते रहते हैं, जिसका परिणाम कभी नकारात्मक होता है तो कभी सकारात्मक। ऐसे ही एक वायरल वीडियो का सकारात्मक नतीजा सामने आया है। वीडियो को देख कर रायगढ़ पुलिस सतर्क हुई और एक युवक की जान बच गयी। बता दें कि रायगढ़ पुलिस सोशल मीडिया पर सामने आने वाली संवेदनशील सूचनाओं पर बारीकी से नजर बनाये हुए है। ऐसे ही एक संवेदनशील वीडियो पर त्वरित कार्रवाई कर एक सुसाइड अटेम्प्ट केस में पुलिस ने अपनी संवेदनशीलता का परिचय दिया है।
       जानकारी अनुसार कल खरसिया क्षेत्र में सोशल मीडिया पर एक युवक द्वारा अपनी जिंदगी खत्म करने की बात कहते हुए वीडियो जारी किए जाने की सूचना पुलिस को मिली।

सूचना की संवेदनशीलता को गंभीरता से लेते हुए चौकी प्रभारी खरसिया निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी ने तत्काल साइबर थाना से तकनीकी सहायता लेकर युवक की तलाश शुरू कराई। जल्द ही युवक के रेलवे पटरी की ओर होने की सूचना मिली। चौकी प्रभारी खरसिया निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने युवक की संभावित लोकेशन एवं आवागमन के रास्तों पर नजर रखते हुए उसकी तलाश की जा रही थी।
इसी दौरान पुलिस टीम को युवक रेलवे पटरी के आसपास दिखाई दिया। पुलिस को अपनी ओर आते देखकर युवक वहाँ से निकलने का प्रयास करते हुए टाउन हॉल की ओर से रायगढ़ चौक की तरफ जाने लगा। पुलिस टीम ने तत्काल उसका पीछा कर उसे सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया।
        पुलिस टीम ने युवक से बातचीत कर उसकी स्थिति को समझा और आवश्यक समझाइश दी। समय रहते पुलिस के पहुँचने और तत्काल हस्तक्षेप से युवक को सुरक्षित बचा लिया गया। आवश्यक समझाइश एवं कार्रवाई के पश्चात युवक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
        इस पूरी कार्रवाई में जहाँ, चौकी प्रभारी खरसिया निरीक्षक त्रिनाथ त्रिपाठी, प्रशिक्षु उप-निरीक्षक प्रवीण कुमार बांधव, आरक्षक साविल चंद्रा एवं साइबर थाना के आरक्षक रविंद्र गुप्ता की सतर्कता, त्वरित रिस्पॉन्स और मानवीय संवेदनशीलता सामने आई है वहीं, आम नागरिकों में पुलिस के प्रति कृतज्ञता के भाव दिखाई दे रहे हैं।
     सोशल मीडिया पर सामने आए एक संवेदनशील वीडियो को महज एक पोस्ट मानकर नजरअंदाज करने के बजाय पुलिस ने सूचना को गंभीरता से लिया और तत्काल कार्रवाई करते हुए युवक तक पहुँच बनाई और  समय रहते एक संभावित अनहोनी को टाला जा सका। यह कार्रवाई इस बात का उदाहरण है कि सोशल मीडिया पर सामने आने वाले ऐसे संवेदनशील संकेतों को भी पुलिस गंभीरता से ले रही है और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल हस्तक्षेप कर लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।
रायगढ़ पुलिस की अपील
        जीवन में परिस्थितियां कितनी भी कठिन क्यों न हों, भावनात्मक या तनावपूर्ण स्थिति में स्वयं को नुकसान पहुँचाने जैसा कदम न उठाएं। मुश्किल समय हमेशा एक जैसा नहीं रहता। ऐसी स्थिति में अकेले रहने के बजाय परिवार, मित्र अथवा किसी भरोसेमंद व्यक्ति से अपनी बात साझा करें। जरूरत महसूस होने पर पुलिस, स्थानीय प्रशासन या संबंधित हेल्पलाइन से तत्काल सहायता लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *