साइबर फ्रॉड करने वाले ठग की भूमिका में एसएसपी शशि मोहन सिंह

💥 साइबर ठगी के नए तरीकों को पर्दे पर दिखाने रायगढ़ पुलिस की तैयार हो रही शॉर्ट फिल्म।
💥 म्यूल अकाउंट और APK के जरिए होने वाली साइबर ठगी से बचाव का संदेश देगी फिल्म।
💥 ऋभू समर्थ सिंह के निर्देशन में रायगढ़ पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी भी निभा रहे किरदार।

तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश में चलाए जा रहे “साइबर जागृति अभियान” के तहत रायगढ़ पुलिस द्वारा साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए एक अभिनव पहल की जा रही है। डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से साइबर सुरक्षा का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाने के उद्देश्य से रायगढ़ पुलिस द्वारा साइबर जागरूकता पर आधारित एक शॉर्ट फिल्म तैयार की जा रही है।
         यह शॉर्ट फिल्म रायगढ़ पुलिस द्वारा आयोजित "लघु फिल्म प्रतियोगिता"  का हिस्सा नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य आमजन को साइबर अपराधों के नए तरीकों और उनसे बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करना है। फिल्म में साइबर अपराधियों द्वारा म्यूल अकाउंट, डिजिटल अरेस्ट, APK सहित अन्य माध्यमों से लोगों को ठगी का शिकार बनाने और उनकी मेहनत की कमाई हड़पने के तरीकों को कहानी के माध्यम से दर्शाया जा रहा है। फिल्म की शूटिंग रायगढ़ के अलग-अलग स्थानों पर की जा रही है। इस जागरूकता फिल्म की    स्क्रीनिंग रायगढ़ पुलिस के शॉर्ट फिल्म प्रतियोगिता के परिणामों की घोषणा कार्यक्रम दौरान समारोह स्थल पर किया जावेगा।
        फिल्म के मुख्य किरदार में शशि मोहन सिंह, अनिल सोनी, मयंक मिश्रा, उत्तम प्रताप सिंह, राकेश मिश्रा, उत्कर्ष श्रीवास्तव, सानिया गुप्ता, लीना ठाकुर, दिपेश महंत, हर्ष बैरागी तथा रायगढ़ पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारी नजर आयेंगे। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने अपने किरदार के बारे में बताया कि वे इस फिल्म में साइबर फ्रॉड करने वाले ठग की भूमिका निभा रहे हैं।
         फिल्म की स्टोरी और डायरेक्शन ऋभू समर्थ सिंह ने किया है, उनके टीम में तोरण राजपूत (डायरेक्टर आफ फोटोग्राफी), मनमोहन बैरागी (ऑपरेटिंग कैमरामेन), एक्युप्मेंट-अष्टविनायक HD World रायपुर, देवानंद यादव (मैकमेन), मिथलेश और योगेश (लाइटमेन) अपना विशेष योगदान दे रहे हैं। फिल्म का उद्देश्य साइबर ठगी के तरीकों को सरल एवं प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुँचाकर उन्हें सतर्क करना है।
रायगढ़ पुलिस द्वारा आयोजित "लघु फिल्म प्रतियोगिता" की  जानकारी
      "साइबर जागृति अभियान" के तहत रायगढ़ पुलिस द्वारा जागरूकता गतिविधियों के साथ-साथ लघु फिल्म प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता की थीम “संकल्प : साइबर मुक्त छत्तीसगढ़” रखी गई है।
        इस प्रतियोगिता में 2 कैटेगरी पर साइबर अपराधों से संबंधित विषयों पर प्रतिभागी अधिकतम 3 मिनट का वीडियो अथवा 6 मिनट तक की लघु फिल्म तैयार कर सकते हैं। तैयार फिल्म अथवा वीडियो को Google Drive या किसी अन्य विश्वसनीय फाइल होस्टिंग प्लेटफॉर्म पर अपलोड कर उसका लिंक contact@filmotsav.org पर साझा करना होगा। प्रतियोगिता के दोनों कैटेगरी में प्रथम, द्वितीय, तृतीय के लिए कुल 3 लाख 75 हजार रुपये तक का इनाम रखा गया है। कार्यक्रम की अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 8817420420 पर संपर्क किया जा सकता है। प्रतिभागियों के लिए फिल्म/वीडियो जमा करने की अंतिम तिथि 24 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *