तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। यह तो सर्व विदित है कि प्रत्येक पेट्रोल पम्पों में उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए शौचालय, फस्र्ट एड बॉक्स, शुद्ध पेयजल, एयर पम्प आदि सुविधाएं मौजूद रहती हैं, लेकिन पम्प संचालक साफ-सफाई व रख-रखाव पर विशेष ध्यान नहीं देते। बता दें कि कलेक्टर ने जिले में स्थित सभी पेट्रोल पंपों को सुधारने के लिए 30 अक्टूबर तक मोहलत दी है। एयरपोर्ट स्तर की साफ सफाई रखने और अन्य सुविधाएं मेंटेन करने का आदेश दिया गया है, लेकिन कोई भी पम्प संचालक इसे गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। बताया जा रहा है कि आदेश का पालन नहीं होने पर कड़ी कार्रवाई होगी।उल्लेखनीय है कि जियो कंपनी ने भारत पेट्रोलियम के पम्पों से एग्रीमेंट किया है। इसलिए अब जियो-बीपी पम्प स्थापित हो रहे हैं, जहाँ उच्च स्तरीय सुविधाओं का विशेष ख्याल रखा गया है। बाकि अन्य पेट्रोल पम्पों में ऐसी सुविधाएं नहीं हैं। रायगढ़ जिले के ज्यादातर पंपों में कहीं शौचालय में गंदगी रहती है तो कहीं हवा भरने की सुविधा नहीं है। है भी तो उसके लिए कर्मचारी नहीं रहता। लोगों को स्वयं भरने को कहा जाता है। पेट्रोल और डीजल पम्प संचालकों को बैठक में कलेक्टर द्वारा सभी सुविधाओं को उपलब्ध कराने एवं साफ सुथरा शौचालय जिसमें दिन कम से कम तीन बार सफाई हो, का आदेश दिया गया था।
सभी सेल्स अफसरों को निर्देश दिए गए हैं कि जिले के सभी पेट्रोल पम्पों में फर्स्ट एड बॉक्स, शिकायत सुझाव बॉक्स, इमरजेंसी सुविधा, आरओ के साथ वाटर कूलर, मुफ्त हवा भरने की सुविधा, इमरजेंसी सुविधा आदि पूर्ण होने का प्रमाण पत्र उपलब्ध कराएं। सूत्रों के अनुसार, तय समय खत्म होने के बाद पर कार्रवाई शुरू हो जाएगी।
फिलहाल, प्रशासनिक आदेश से पेट्रोल पम्प संचालकों का टेंशन बढ़ गया है वहीं, लोग 30 अक्टूबर का बेसब्री से इंतजार करने लगे हैं।



