अपराध समीक्षा बैठक में एसएसपी के कड़े निर्देश, त्योहारी सीजन में सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता

💥 आयोजनों में देर रात तक पुलिस पेट्रोलिंग, गरबा-डांडिया में सादी वर्दी में निगरानी और सोशल मीडिया की अफवाहों पर होगी कार्रवाई।
💥 यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने तीन सवारी, प्रेशर हॉर्न और तेज रफ्तार वाहन चालकों पर होगी सख्त कार्रवाई।
तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। आगामी नवरात्रि, दुर्गा उत्सव एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित संपन्न कराने, बदमाशों एवं असामाजिक तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई करने, नवीन आपराधिक कानूनों के तहत लंबित अपराधों का समयबद्ध निराकरण करने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से एसएसपी शशि मोहन सिंह ने आज पुलिस नियंत्रण कक्ष में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना-चौकी प्रभारियों, प्रशिक्षु उप-निरीक्षकों एवं शाखा प्रमुखों की अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में एसएसपी ने स्पष्ट किया कि आगामी त्योहारी सीजन में सुरक्षा व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। साथ ही अपराधों के निराकरण में तेजी लाने, फरार वारंटियों की गिरफ्तारी, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती के लिए सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए।
       एसएसपी शशि मोहन सिंह ने नवरात्रि, दुर्गा उत्सव एवं दशहरा के दौरान जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने दुर्गा पंडालों, गरबा-डांडिया आयोजनों, दशहरा उत्सव और अन्य बड़े कार्यक्रमों की जानकारी लेकर आयोजन स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। एसएसपी ने निर्देशित किया कि थाना प्रभारियों का सूचना तंत्र मजबूत हो और क्षेत्र में होने वाले प्रत्येक बड़े आयोजन की जानकारी पुलिस को रहे। आयोजन समिति द्वारा पूर्व सूचना नहीं दिए जाने पर नियमानुसार नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जाए।
        रात्रिकालीन सुरक्षा के लिए आयोजन समितियों को वॉलिटियर तैनात करने, पंडालों की नियमित निगरानी रखने तथा समिति के पदाधिकारियों के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए। गरबा-डांडिया सहित भीड़भाड़ वाले आयोजनों में असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए सादी वर्दी में भी पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। शहर एवं संवेदनशील क्षेत्रों में देर रात तक पेट्रोलिंग की जाएगी। पुलिस नियंत्रण कक्ष के नंबर 9479193299 एवं डायल 112 पर प्राप्त होने वाली सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने और भ्रामक सामग्री प्रसारित कर कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों पर भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
        अपराध समीक्षा बैठक में एसएसपी ने जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर थाना प्रभारियों को सक्रिय और परिणामोन्मुख कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारी सीजन में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जाए तथा आवश्यकतानुसार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाए। लघु अधिनियमों के तहत कार्रवाई में भी तेजी लाई जाए और पिछले वर्ष की तुलना में अधिक प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं।
         नवरात्रि, दुर्गा उत्सव एवं दशहरा के दौरान शहर के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोगों के आने की संभावना को देखते हुए एसएसपी ने यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात पुष्पेंद्र बघेल को यातायात प्रबंधन की योजना तैयार कर आवश्यकतानुसार पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए, ताकि भीड़भाड़ वाले मार्गों और आयोजन स्थलों के आसपास यातायात सुचारु बना रहे। वहीं, थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि त्योहारी सीजन में प्रेशर हॉर्न का उपयोग करने, दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाने तथा तेज रफ्तार से वाहन चलाने वालों के विरुद्ध प्रतिदिन कार्रवाई की जाए। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के प्रति सख्ती बरतते हुए सड़क सुरक्षा और आम नागरिकों की सुविधा को प्राथमिकता दी जाए।
         इसके अलावा नवीन आपराधिक कानूनों के तहत अपराधों का समयबद्ध निराकरण, पुराने लंबित मामलों पर 60 एवं 90 दिवस की निर्धारित समय-सीमा में अपराधों का निराकरण सुनिश्चित करने के लिए थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। प्रशिक्षु उप-निरीक्षकों को स्वतंत्र थाना संचालन और जवाबदेही के निर्देश दिए।
         बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात पुष्पेंद्र बघेल, डीएसपी श्रीमती उन्नति ठाकुर, एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी, एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव, नगर पुलिस अधीक्षक राहुल उइके, डीएसपी शिखर मरावी, रोहित शुक्ला एवं सुशांतो बनर्जी, रक्षित निरीक्षक अमित सिंह, एफएसएल अधिकारी सहित जिले के सभी थाना-चौकी प्रभारी एवं शाखा प्रमुख उपस्थित रहे।






       

        

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *