तहतक न्यूज/रायपुर,छत्तीसगढ़। आज समय इतना खराब हो चला है कि जरा सी लापरवाही हुई नहीं कि कोई न कोई बड़ा हादसा हो जाता है। ऐसे में अगर आप कहीं भी बाहर निकलते हैं तो जरा नहीं, पूरी तरह से संभल कर रहें। खासकर वाहन चला रहे हैं तो यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करें और सुरक्षित रहें, क्योंकि घर पर आपका परिवार आपका इंतजार कर रहा होता है। बता दें कि, रफ्तार के कहर ने दो लोगों की जिंदगी ही समाप्त कर दी है। प्रदेश की राजधानी रायपुर से बलौदाबाजार मार्ग पर खरोरा थाना क्षेत्र में कार और ट्रैक्टर के बीच हुई भीषण भिड़ंत में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खरोरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत सरायगांव और बरौंदा (बोंगोली/माठ) के बीच यह दुर्घटना हुई। हादसे में पुलिस आरक्षक कमलेश वर्मा (जो सिलतरा थाने में पदस्थ थे) और उनके साथी रूपेश निषाद की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। कार में सवार तीसरे युवक गोपी साहू गंभीर रूप से घायल है, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से निकालकर दौंदेकला स्थित लक्ष्मीनारायण अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बताया जा रहा है कि तीनों युवक ब्रेजा कार में खरोरा से रायपुर की ओर आ रहे थे, तभी उनकी टक्कर भूसा ले जा रहे एक ट्रैक्टर से हो गई। टक्कर के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।
रायपुर-बलौदाबाजार मार्ग में यह दर्दनाक दुर्घटना शुक्रवार रात करीब 9:10 बजे खरोरा क्षेत्र के चैती तालाब के पास, सारागांव और बरौंडा के बीच हुई। तीनों युवक ग्राम तर्रा के रहने वाले थे। मृतक आरक्षक कमलेश वर्मा छुट्टी पर अपने घर आए हुए था और अपने दोस्तों (रूपेश व गोपी) के साथ रायपुर घूमने गए था। रायपुर से वापस लौटते समय यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया था और घायल गोपी साहू कार के अंदर ही बुरी तरह फंस गया था। स्थानीय ग्रामीणों (अजय देवांगन, ललित साहू और अजय वर्मा) ने कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें गाड़ी से बाहर निकाला। निजी अस्पताल में उनका इलाज जारी है और हालत गंभीर बनी हुई है।
खरोरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। हादसे के बाद भूसे से भरे ट्रैक्टर को छोड़कर भागने वाले फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।



