💥केवड़ाबाड़ी यात्री प्रतीक्षालय में निगम ने सक्शन कम जेटिंग मशीन से की प्रेशर वाशिंग।
तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। सेवा संकल्प अभियान-2026 के तीसरे दिन नगर निगम की टीम द्वारा शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थल केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड स्थित यात्री प्रतीक्षालय में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान सक्शन कम जेटिंग मशीन के जरिए प्रेशर वॉशिंग कर प्रतीक्षालय और आसपास के परिसर की गहन सफाई की गई। सफाई के दौरान ब्लीचिंग पाउडर और सर्फ सहित आवश्यक सामग्री का भी उपयोग किया गया।
नगर निगम की टीम ने यात्री प्रतीक्षालय के फर्श, कोनों और ऐसे स्थानों की विशेष सफाई की, जहाँ सामान्य सफाई के दौरान गंदगी जमा हो जाती है। मशीन के माध्यम से प्रेशर पानी से सफाई किए जाने से परिसर की गंदगी को प्रभावी ढंग से हटाया गया। इस दौरान दीवार पर चिपके पुराने पोस्टर पंपलेट आदि को भी हटाते हुए दीवार की भी धुलाई की गई। अभियान के दौरान स्वच्छता कर्मियों ने प्रतीक्षालय के साथ आसपास के हिस्सों की भी सफाई की।
अभियान में महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्री लाल साहू, एमआईसी सदस्य सुरेश गोयल सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय तथा निगम के अधिकारी-कर्मचारी और स्वच्छता कर्मी मौजूद रहे।
निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थलों पर कचरा इधर-उधर न फेंकें, डस्टबिन का उपयोग करें और स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में निगम प्रशासन का सहयोग करें। स्वच्छ और सुंदर रायगढ़ के निर्माण के लिए नगर निगम के प्रयासों के साथ नागरिकों की सहभागिता भी आवश्यक है।



