तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। चक्रधरनगर पुलिस ने विवाहिता युवती से दोस्ती कर उसे अपने प्रेमजाल में फंसाने, होटल एवं मकान में कथित रूप से बंधक बनाकर रखने तथा फोटो वायरल कर बदनाम करने की धमकी देकर ₹50 हजार की मांग करने वाले आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। मामले में पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर सूचना के आधार पर गुम युवती को सकुशल दस्तयाब करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।
जानकारी के मुताबिक 05 सितंबर 2026 को स्थानीय महिला ने थाना चक्रधरनगर में अपनी 24 वर्षीय बेटी के 03 सितंबर से लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। विवेचना के दौरान तकनीकी जानकारी एवं मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 16 सितंबर 2026 को अटल विहार, कोतरारोड़ स्थित एक मकान में दबिश देकर गुम युवती को संदेही अजरूदीन अली उर्फ अज्जू पिता हमीद अली उम्र 20 वर्ष निवासी मौदहापारा, थाना जूटमिल, रायगढ़ के कब्जे से दस्तयाब किया।
युवती ने पुलिस को बताया कि 01 सितंबर को वह अपनी सहेली के साथ सावित्री नगर स्थित मीना बाजार मेला देखने गई थी, जहाँ उसकी मुलाकात अज्जू से हुई। दोनों ने मोबाइल नंबर लेकर बातचीत शुरू की। आरोपी अज्जू युवती से मिलने के लिए रायपुर जाने और वहाँ होटल में रुकने के लिए दबाव बना रहा था। आरोपी ने दबाव देकर युवती को रायपुर में अपने एक परिचित होटल में रूकवाया और युवती को चेक आऊट करने नहीं दे रहा था। जैसे-तैसे युवती 13 सितंबर को ट्रेन से रायगढ़ आयी, जिसकी जानकारी पाकर आरोपी रायगढ़ रेल्वे स्टेशन से उसे जबरदस्ती अपने साथ होटल ले गया, जहाँ एक रात रखा, वहाँ भी उसे होटल से कहीं बाहर जाने नहीं दिया।
युवती ने बताया कि जब वह घर जाने की जिद की तो आरोपी उसे ऑटो से अटल विहार कोतरारोड़ स्थित मकान में ले जाकर बंधक बनाकर रखा था। आरोपी, युवती को मीना बाजार के दौरान उसका फोटो लेने तथा उसके साथ रहने की बात को लेकर उसे रायगढ़ में बदनाम करने की धमकी दी और कहा कि तेरे ऊपर ₹50 हजार से ज्यादा खर्च हो गया है, जब तक 50,000 रूपये नहीं देगी जाने नहीं दूँगा।
इसी बीच चक्रधरनगर पुलिस ने अटल विहार कोतरारोड़ स्थित मकान में दबिश देकर गुम युवती को सकुशल दस्तयाब किया और मौके पर आरोपी अजरूदीन अली उर्फ अज्जू को गिरफ्तार कर कल 16 सितंबर 2026 को न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया। मामले में चक्रधरनगर पुलिस द्वारा आरोपी के मोबाइल की जाँच की जा रही है, मामले में साक्ष्य अनुरूप वैधानिक कार्यवाही की जावेगी।
“महिलाओं एवं युवतियों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। किसी भी महिला को बहला-फुसलाकर बंधक बनाने, धमकाने या ब्लैकमेल करने वालों के विरुद्ध शिकायत मिलते ही त्वरित एवं प्रभावी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।” - एसएसपी शशि मोहन सिंह, रायगढ़।



