अवैध सम्बंधों को लेकर बढ़ा विवाद, किराएदार ने आवेश में आकर मकान मालिक का गला घोंट कर दी हत्या

तहतक न्यूज/रायपुर, छत्तीसगढ़। राजधानी से लगे राखी थाना क्षेत्र के ग्राम गनौद में हत्या की सनसनीखेज वारदात की खबर सामने आई है। पत्नी से अफेयर के शक में एक किराएदार ने अपने मकान मालिक की गला दबाकर हत्या कर दी है। राखी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी किराएदार को गिरफ्तार कर लिया है।
        

आरोपी पुरुषोत्तम धीवर

दरअसल, पत्नी से मकान मालिक के अवैध संबंध होने के शक को लेकर मकान मालिक और किराएदार के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में दोनों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि किराएदार ने गला दबाकर मकान मालिक की हत्या कर दी। हत्या के आरोपी किराएदार का नाम पुरुषोत्तम धीवर (25 वर्ष) है, जो मूल रूप से मंदिर हसौद के धमनी गांव का निवासी है। आरोपी पुरुषोत्तम धीवर, मकान मालिक वेद राम साहू के मकान में किराए पर ऑटो पार्ट्स की दुकान चलाता था। पुरुषोत्तम को शक था कि वेद राम के उसकी पत्नी के साथ अवैध संबंध हैं।
        घटना के दिन इसी बात को लेकर दोनों के बीच एक बार फिर तीखी बहस और मारपीट शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी पुरुषोत्तम ने आवेश में आकर वेद राम का गला घोंट दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
        आस-पास के लोगों की सूचना पर राखी थाना पुलिस तुरंत घटना स्थल पर पहुँची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी किराएदार पुरुषोत्तम धीवर को हिरासत में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *