तहतक न्यूज/बिलासपुर, छत्तीसगढ़। कोयला मजदूर सभा (HMS) की केंद्रीय कार्यकारिणी की विशाल सभा का आयोजन प्रियदर्शनी कला मंदिर एस.ई.सी.एल. बिलासपुर में भव्य एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। ज्ञात हो कि जनवरी 2026 में गठित नवीन कार्यकारणी की यह प्रथम बैठक थी, जिसमें कुछ आवश्यक प्रस्ताव, सख्त निर्णय एवं आगे की रणनीति परिषद से आवश्यक चर्चा की गई। सभा में संगठन की वर्तमान गतिविधियों, श्रमिकों की विभिन्न समस्याओं, वेतन, सामाजिक सुरक्षा, कार्यस्थल की सुविधाओं तथा संगठन के विस्तार सहित अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
कुसमुंडा क्षेत्र से पधारे केंद्रीय उपाध्यक्ष सह क्षेत्रीय अध्यक्ष आर.एस.पाल, केंद्रीय सचिव सह क्षेत्रीय महामंत्री अशोक कुमार साहू, केंद्रीय संगठन सचिव सह क्षेत्रीय सुरक्षा समिति सदस्य मनीष सिंह, केंद्रीय सदस्य अनंत त्रिपाठी एवं विकास पाठक के साथ क्षेत्रीय पदाधिकारियों में परियोजना अध्यक्ष रामेश्वर वैष्णव सचिव देवेंद्र सिंह, एरिया यूनिट से अध्यक्ष विजय विश्वकर्मा एवं सचिव श्रवण कुमार उपस्थित हुए एवं कुसमुंडा क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं पर चर्चा की।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय अध्यक्ष बजरंगी शाही ने अपने वक्तव्य में आगामी सदस्यता सत्यापन की रूपरेखा पर विस्तार से दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं में नया जोश भरते हुए कहा कि कोयला मजदूर सभा श्रमिकों के सम्मान, अधिकारों और सुरक्षा के लिए सदैव संघर्षरत रहेगी। उन्होंने संगठन की एकता को बनाए रखने और हर क्षेत्र में मजबूती से काम करने का आह्वान किया।
केंद्रीय महामंत्री नाथूलाल पाण्डेय ने अपने वक्तव्य में संगठन को और अधिक मजबूत करने की बात कही। साथ ही सभी क्षेत्रों को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने नये लेबर कोड के प्रभाव, आगामी मेम्बरशिप वेरिफिकेशन और संगठन की आगामी रणनीति पर विस्तृत जानकारी दी। महामंत्री श्री पाण्डेय ने कहा कि अनुशासन, एकता और कार्यकर्ताओं की सक्रियता से ही संगठन आगे बढ़ेगा। वहीं, केंद्रीय कार्यवाहक अध्यक्ष सह कोरबा संभागीय प्रभारी केदारनाथ अग्रवाल ने तल्ख शब्दों में कहा "जो हमारे नहीं हैं उन्हें रखने से कोई मतलब नहीं, थोड़ा नुकसान हम बर्दाश्त कर भी लेंगे। पर जो हमारा नहीं वो हमारे लिए, हमारे संगठन के लिए कभी भी पॉजिटिव नहीं रहेगा।" उन्होंने संगठन की नीतियों पर स्पष्टता लाते हुए सभी को एकजुट होकर काम करने, श्रमिक हितों को सर्वोपरि रखने और संगठन को और सशक्त बनाने पर जोर दिया।
कंपनी सेफ्टी बोर्ड मेंबर आनंद मिश्रा ने सभा को संबोधित करते हुए अपने ओजस्वी भाषण में कहा कि "सुरक्षा के साथ ही सम्मान भी मजदूर का अधिकार है। कोयला मजदूर सभा ने हमेशा श्रमिकों की आवाज को बुलंद किया है और आगे भी हर मोर्चे पर डटकर लड़ाई लड़ेगी।" उनके जोशीले संबोधन से सभा में उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं में नया उत्साह देखा गया।
कोयला मजदूर सभा के केंद्रीय कार्यकारणी में विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में नौशाद खान उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि कोयला मजदूर सभा सदैव श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए संघर्षरत रही है और भविष्य में भी मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी मजबूती के साथ कार्य करती रहेगी। कार्यक्रम के अंत में संगठन की मजबूती, श्रमिक एकता और मजदूर हितों की रक्षा के लिए सभी उपस्थित प्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया तथा सभा के सफल मंच संचालन के लिए एम.पी. जांगड़े एवं हेड क्वार्टर की टीम कांता नाथ पटेल, प्रमोद राही (अध्यक्ष, HQ), अनीश सिंह (सचिव), श्रीमती सोनाली दत्ता (Secretary, Central) को विशेष धन्यवाद देते हुए आभार प्रकट किया गया।


