तहतक न्यूज/फरीदाबाद,हरियाणा। प्रेम या प्यार मानव जीवन का सबसे सुंदर, पवित्र और अटूट अहसास है जो पूरी दुनिया को एकता के सूत्र में बांधता है। प्रसिद्ध संत कबीरदास जी ने भी लिखा है - "पोथी पढ़ि पढ़ि जग मुआ, पंडित भया न कोय, ढाई आखर प्रेम का, पढ़े सो पंडित होय।" अर्थात् बड़ी-बड़ी किताबें पढ़कर भी कोई विद्वान नहीं बन पाता, जब तक वह प्रेम के वास्तविक अर्थ को नहीं समझ लेता। वहीं, एकतरफा प्यार इंसानी भावनाओं का सबसे जटिल और गहरा रूप है। जब यह प्यार 'अंधा' हो जाता है, तो यह केवल एक भावना नहीं रह जाता, बल्कि एक जुनून बन जाता है। स्त्री हो या पुरुष, जब कोई इस अंधे एकतरफा प्यार की गिरफ्त में आता है, तो वह वास्तविकता से पूरी तरह कट जाता है।पुरुष अक्सर इस स्थिति में अधिक आक्रामक या जुनूनी हो जाते हैं। वे सामने वाले को पाने के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार रहते हैं। कई बार अस्वीकार किए जाने पर वे खुद को नुकसान पहुंचाते हैं या गुस्से का शिकार हो कर ऐसा कुछ कांड कर बैठते हैं जिससे उनकी जिंदगी ही बर्बाद हो जाती है। ऐसा ही एक झकझोर कर रख देने वाली एक घटना सामने आयी है, जिसे जानकर हैरान और स्तब्ध रह जायेंगे।
बता दें कि फरीदाबाद जिले में एक निजी स्कूल की महिला शिक्षिका की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई है, जिसके मुख्य आरोपी अमित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह दिल दहला देने वाली घटना सिकरौना गांव में स्थित सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बीते सोमवार 3 अगस्त को सुबह घटित हुई।

मृतका की पहचान 26 वर्षीय संध्या के रूप में हुई है, जो डबूआ (बल्लभगढ़) की रहने वाली थीं और वर्तमान में फिरोजपुर कला में अपने पति विकास के साथ रहती थीं। वह स्कूल में दूसरी कक्षा के बच्चों को पढ़ाती थीं। हमलावर आरोपी की पहचान 21 वर्षीय अमित निवासी कोट गांव के रूप में हुई है। वह दूध बेचने का काम करता था। पिछले करीब दो साल से शिक्षिका को जानता था और उसे लगातार परेशान कर रहा था।
घटना दिनाँक आरोपी अमित सुबह करीब 9:30 से 10 बजे के बीच अपना चेहरा सफेद कपड़े से ढककर स्कूल पहुंचा। उसने स्कूल स्टाफ से झूठ बोला कि वह संध्या का पति 'विक्की' (विकास) है और उससे मिलने आया है। कुछ देर के बाद जैसे ही संध्या स्कूल के मुख्य गेट पर मिलने आई, अमित ने उसे खींच लिया और चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। उसने संध्या के गले, पेट, चेहरे और छाती पर 32 सेकंड के भीतर लगभग 34 बार चाकू से वार किए। संध्या की मौके पर ही मौत हो गई। शिक्षिका की चीख-पुकार सुनकर जब स्कूल संचालक तेजपाल उन्हें बचाने दौड़े, तो आरोपी चाकू लहराते हुए उनकी तरफ बढ़ा और उन्हें डराकर बिना नंबर प्लेट की बाइक से फरार हो गया।
यह पूरी दर्दनाक वारदात स्कूल परिसर में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई थी। वारदात के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी सर्विलांस की मदद से आरोपी अमित को मात्र दो घंटे के भीतर खून से सने कपड़ों में ही गिरफ्तार कर लिया।
पीछा करने से मना करने पर रची हत्या की साजिश
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि करीब दो वर्ष पहले मृतका उसी गांव के एक निजी स्कूल में पढ़ाती थी।पुलिस के अनुसार आरोपी लगातार महिला का पीछा किया करता था। महिला ने उसे ऐसा करने से मना किया और चेतावनी दी थी कि यदि उसने पीछा करना नहीं छोड़ा तो उसके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराएगी जिससे वह नाराज हो गया और उसने हत्या की साजिश रच डाली।



