लैलूँगा के लाल का कमाल..! सीजी सब-इंस्पेक्टर की प्रारंभिक परीक्षा में हासिल की शानदार सफलता


💥ग्रामीण बेटे की ऊँची उड़ान, नौकरी के साथ की पढ़ाई...अब मुख्य परीक्षा पर टिकी पूरे क्षेत्र की निगाहें।
तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। वैसे तो जिले का उपेक्षित और सबसे पिछड़ा इलाका विधानसभा क्षेत्र लैलूंगा को माना जाता है, लेकिन वास्तविक सच्चाई ठीक इसके विपरीत है। खनिज एवं प्राकृतिक सम्पदाओं से तो भरपूर है ही यहाँ प्रतिभाओं की भी कोई कमी नहीं है। आपको बता दें कि छत्तीसगढ़ पुलिस में आरक्षक के पद पर पदस्थ ग्राम बनेकेला के पुरुषोत्तम पैंकरा ने CG SI (सब-इंस्पेक्टर) भर्ती की प्रारंभिक परीक्षा शानदार सफलता के साथ उत्तीर्ण कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया है। अब उनकी निगाहें मुख्य परीक्षा पर टिकी हैं, जिसकी तैयारी वे पूरे जोश और आत्मविश्वास के साथ कर रहे हैं।
       सीमित संसाधनों और ग्रामीण परिवेश में पले-बढ़े पुरुषोत्तम पैंकरा ने यह साबित कर दिखाया है कि कठोर परिश्रम और मजबूत इरादों के सामने कोई भी चुनौती बड़ी नहीं होती। पुलिस की जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए उन्होंने लगातार पढ़ाई जारी रखी और कठिन प्रतिस्पर्धा के बीच प्रारंभिक परीक्षा में सफलता हासिल कर युवाओं के लिए मिसाल कायम की। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, मित्रों और पूरे लैलूंगा क्षेत्र में खुशी की लहर है। शुभचिंतकों और स्थानीय लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए मुख्य परीक्षा के लिए शुभकामनाएँ दी हैं।
        पुरुषोत्तम पैंकरा का कहना है कि उनका लक्ष्य सिर्फ प्रारंभिक परीक्षा पास करना नहीं, बल्कि मुख्य परीक्षा और आगे की सभी प्रक्रियाओं को सफलतापूर्वक पार कर सब-इंस्पेक्टर की वर्दी पहनना है। इसके लिए वे पूरी लगन और अनुशासन के साथ तैयारी में जुटे हुए हैं।

         बहरहाल, पुरुषोत्तम पैंकरा की यह सफलता ग्रामीण अंचल के उन हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखते हैं। उनकी कहानी यह संदेश देती है कि मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास के दम पर हर मंजिल हासिल की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *