एलईडी हेडलाईट की चकाचौंध में नहीं दिखता छोटा डिवाइडर,और चढ़ जाता है वाहन

तहतक न्यूज/तराईमाल, रायगढ़।
रायगढ़-घरघोड़ा मुख्य मार्ग में वाहनों का दबाव इतना बढ़ गया है कि आये दिन सड़क दुर्घटनाएँ हो रही हैं। इसी क्रम में तराईमाल स्थित बंजारी मंदिर के पास एक बोलेरो वाहन डिवाइडर पर चढ़ कर दुर्घटना ग्रस्त हो गया हालाँकि, वाहन में सवार लोग माँ बंजारी की कृपा से बालबाल बच गये।
आपको बता दें कि मंदिर के ठीक सामने सड़क के बिचोंबीच डिवाइडर है जिसकी ऊंचाई कम होने के कारण वाहन चालकों को दूर से दिखायी नहीं देता। दिन के उजाले में तो सामने देखते ही चालक बच निकलते हैं किन्तु रात में विपरीत दिशा से आ रहे वाहन के एलईडी लगे हेडलाईट के तेज दूधिया रोशनी में आँखें चुंधिया जाने से देख नहीं पाते और उनका वाहन डिवाइडर पर चढ़ जाता है।

उल्लेखनीय है कि अभी नवरात्रि का पर्व चल रहा है और यहाँ दर्शनार्थियों की भारी भीड़ होती है। इस मार्ग में चलने वाले वाहनों में ट्रक-ट्रेलरों जैसे बड़े वाहनों की आवाजाही ज्यादा होती है ऐसे में कभी भी किसी बड़े हादसे की संभावनाओं से इंकार नहीं किया जा सकता।


वर्तमान परिस्थितियों के जमीनी हकीकत की तह तक की बात करें तो सड़क सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस के अथक प्रयास से जहाँ आम लोग हेलमेट, सीट बेल्ट आदि सुरक्षित यातायात नियमों के प्रति जागरूक हुए हैं और पालन कर रहे हैं तो वहीं सड़क बनाने वालों के लापरवाही का खामियाजा भी भुगतने को मजबूर हैं। जिले में सड़कों का काया-कल्प जिस द्रुतगति से हो रहा है उसी तरह सुरक्षित यातायात के लिए सड़क पर संकेत चिन्ह भी लगाये जाने चाहिए ताकि कोई भी वाहन चालक दुर्घटना का शिकार न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *