तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। यातायात पुलिस लाख कोशिश करे, लेकिन हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे। दिनोंदिन बढ़ते भारी वाहनों के दबाव से आये दिन दुर्घटनायें हो रही हैं। इसी क्रम में आज शाम रायगढ़-घरघोड़ा मुख्यमार्ग में केलो डेम के पास एक अज्ञात वाहन ने स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। स्कूटी में सवार पति-पत्नी दोनों में से पत्नी की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि पति सुरक्षित बच गया।


जानकारी के अनुसार महिला सुनीता यादव अपने पति रामेश्वर उर्फ रवि यादव के साथ रक्षाबंधन के लिए अपने मायके लाखा जा रही थी। तभी केलो डेम के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। हादसा इतना भयानक था कि सुनीता की मौके पर ही मौत हो गयी। यह घटना आज शाम लगभग साढ़े चार बजे की बतायी जा रही है। हादसे की खबर मिलते ही ग्राम लाखा के ग्रामीण व परिजन घटना स्थल पर तत्काल पहुँचे और बार-बार हो रहे दुर्घटना और खराब सड़क को लेकर धरना प्रदर्शन करते हुए चक्काजाम कर दिया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लम्बी कतारें लग गयीं।
चार घंटे तक चले चक्काजाम के बाद प्रशासन हरकत में आया और मौके पर पहुँच कर आक्रोशित ग्रामीणों को समझाईस दी और सुधार का आश्वासन देते हुए नकद 50,000 रूपये की राशि तत्काल आर्थिक सहायता के रूप में परिजन को दी। तब कहीं जाकर रात लगभग दस बजे जाम खुला।



