समय-सीमा के प्रकरणों के निराकरण में लापरवाही को लेकर सख्त हुए आयुक्त

तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय ने आज समय-सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभागों के कार्यों और लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। बैठक में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, कलेक्टर जनदर्शन सहित विभिन्न माध्यमों से प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों के निराकरण की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित विभाग प्रमुखों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आयुक्त श्री क्षत्रिय ने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, जनदर्शन, कलेक्टर जनदर्शन एवं शासन स्तर से प्राप्त पत्रों तथा आवेदनों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रत्येक प्रकरण का समय-सीमा में निराकरण करने के साथ संबंधित हितग्राही को इसकी सूचना देना और ऑनलाइन पोर्टल पर भी निराकरण की जानकारी तत्काल अपडेट करना संबंधित विभाग प्रमुख की जिम्मेदारी होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि केवल औपचारिक निराकरण के बजाय आवेदक की समस्या का वास्तविक और संतुष्टिपूर्ण समाधान सुनिश्चित करना प्राथमिकता होनी चाहिए।
निर्माण कार्यों की भी हुई समीक्षा
बैठक में नगर निगम क्षेत्र में चल रहे विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। आयुक्त ने शहर के तालाबों के सौंदर्यीकरण, उद्यान विकास, ऑक्सीजन निर्माण सहित आगामी सड़क निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने सभी निर्माण कार्यों का कार्य विभाजन स्पष्ट रूप से करने एवं संबंधित इंजीनियरों को सतत रूप से कार्यों की निगरानी करने की बात कही। उन्होंने संबंधित इंजीनियर को सभी निर्माण कार्यों में अपेक्षाकृत गुणवत्ता आधारित सतत प्रगति लाने के निर्देश दिए।
बड़े एवं महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों की पूर्णता के लिए स्पष्ट डेडलाइन निर्धारित करने तथा संबंधित ठेकेदारों को समय-सीमा का उल्लेख करते हुए पत्र जारी करने के निर्देश भी आयुक्त श्री क्षत्रिय ने दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और कार्य में अनावश्यक विलंब पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार की जवाबदेही तय की जाए।
आगे उन्होंने कहा कि शहर के विकास से जुड़े कार्यों में समय-सीमा और गुणवत्ता दोनों से समझौता नहीं किया जाएगा। नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा प्रगतिरत कार्यों को तय समय में पूर्ण कराने पर विशेष ध्यान दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *