💥कार्यवाही को लेकर कांग्रेस जिला सचिव कौशिक भौमिक ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन।
💥 मृतिका के परिजनों को 50 लाख तथा घायलों को 25 लाख मुआवजा दिलाने की माँग।
💥गाँव के आम निस्तारी तालाब पर ओम श्री रुपेश का कब्जा।
💥गाँव के मुख्यमार्ग को जेसीबी से गड्ढा कर आवागमन को कर रखा है बाधित, ग्रामवासियों में पनप रहा आक्रोश।
तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। बड़े-बुजुर्ग कहते हैं कि भले इंसान को कभी किसी के साथ गलत या अत्याचार नहीं करना चाहिए वरना ऊपर वाले की लाठी जब चलती है तो न तो वह दिखाई देती है और न ही सुनाई देती है। ऐसी ही एक मोटी और मजबूत लट्ठ चली है एक कुख्यात उद्योगपति पर जिन्हें कलमकारों द्वारा अक्सर स्वयंभू नेता तो कभी स्वयंभू समाजसेवी जैसे शब्दों से अलंकृत किया जाता रहा है। जी हाँ, हम बात कर रहे हैं ओम श्री रुपेश कंपनी के मालिक शंकर अग्रवाल की जो आये दिन विवादों में घिरे रहने के साथ ही साथ आलोचना का शिकार होते रहते हैं। कभी गाँव के सार्वजनिक तालाब को कब्जा करने को लेकर तो कभी गाँव के आम सड़क को जबरन जेसीबी से गड्ढा खोदने को लेकर ये ग्रामीणों के बीच हमेशा चर्चा में रहते हैं। अभी हाल ही में अपने प्लांट में हुए हादसे के बाद उद्योगपति शंकर लाल अग्रवाल फिर से विवादों में घिरने के साथ ही साथ उनकी शहर ही नहीं पूरे जिले में कड़ी आलोचना हो रही है और लोगों में आक्रोश की चिंगारी सुलग रही है। ऐसे में अब उनकी ही पुरानी पार्टी यानी कांग्रेस के जिला सचिव कौशिक भौमिक ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए ओम श्री रूपेश कंपनी दुर्घटना की मृतिका के परिजनों को 50 लाख और घायलों को 25 लाख मुआवजा शंकर लाल अग्रवाल की तरफ से दिलाने की मांग रख दी है।



बता दें कि रायगढ़ के ग्राम पंचायत लाखा के आश्रित ग्राम चिराईपानी में स्थित ओम श्री रूपेश प्लांट में दीवार गिरने से वहां प्लांट के अंदर झोपड़ीनुमा टीन शेड में रह रहे मजदूर सुनील परमार एवं रिंकी परमार गंभीर रूप से घायल हो गए वहीं, एक गर्भवती महिला मजदूर रंभा प्रधान की दर्दनाक मौत हो गयी है, जिसकी जांच एवं कार्यवाही की मांग को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी रायगढ़ के सचिव कौशिक भौमिक के नेतृत्व में जिला कलेक्ट रायगढ़ को कार्यवाही के संबंध में ज्ञापन सौंपा। ओम श्री रूपेश प्लांट के मालिक जिनके द्वारा अपने प्लांट में सुरक्षा मापदंडों का पालन नहीं करने के कारण एवं घोर लापरवाही से उक्त दुखद घटना घटित हुई है।
ज्ञापन के माध्यम से ओम श्री रूपेश प्लांट में हुए घटना की जांच कर कार्यवाही करने की मांग की गई जिससे कि भविष्य में ऐसी दुखद घटना घटित न हो साथ ही गर्भवती मृतक रंभा प्रधान के परिजनों को उद्योग द्वारा 50 लाख रुपए एवं घायल मजदूरों को 25 लाख रुपए मुआवजे के रूप में साथ ही घायलों के इलाज की समुचित व्यवस्था ओम श्री रूपेश प्लांट के मालिक द्वारा किए जाने की मांग की गई। ज्ञापन सौंपने के समय अजहर हुसैन, विमल यादव, देव साहू, पारस यादव,अर्जुन चौहान, प्रदर्श कोरी, सत्यम देहरी, प्रकाश आनंद सहित कई युवा साथी उपस्थित रहे।



