नशे की लत ने बना दिया कातिल, शराब के लिए पैसे नहीं दिए तो पत्नी की कर दी निर्मम हत्या


तहतक न्यूज/बांगो-कोरबा, छत्तीसगढ़। इंसान के सिर पर शराब का नशा इस कदर हावी हो गया है कि नहीं मिलने पर वह किसी भी हद तक जा सकता है। यही नहीं मरने-मारने को उतारू हो जाता है। इसका प्रत्यक्ष उदाहरण छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से सामने आया है।
       जिले के बांगो थाना क्षेत्र के दमहामुड़ा अंतर्गत गांधी मोहल्ला में रहने वाले एक आदतन शराबी व्यक्ति ने शराब के लिए पैसे नहीं देने पर अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। इस खौफनाक वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और सनसनी फैल गयी है।


            पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात बलिराम मरावी और उनकी पत्नी संगीता मरावी के बीच शराब के लिए पैसे न देने को लेकर विवाद शुरू हुआ था और शनिवार सुबह संगीता अपने कमरे में मृत पाई गई। घटना की सूचना मिलते ही बांगो थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लिया। जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। जांच में मृतका के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। वहीं, इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देने के बाद भी आरोपी पति कहीं भागा नहीं, बल्कि वह घटनास्थल पर ही मौजूद रहा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसको हिरासत में ले लिया है।
                    बांगो थाना प्रभारी ने बताया कि मृतका के पति बलिराम मरावी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। परिजनों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार, यह मामला घरेलू विवाद से जुड़ा है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
           कहते हैं नशा नाश की जड़ है, यह क्रोध को बढ़ावा देता है और नशे व गुस्से में इंसान अपना विवेक खो बैठता है। नशे की लत ने जहाँ बलिराम को बेरहम कातिल बना दिया, वहीं संगीता को अपनी जान से हाथ धोना पड़ा। इस प्रकार एक हंसता-खेलता परिवार उजड़ गया। इतना तो तय है कि बलिराम को जेल की अँधेरी काल कोठरी में ताउम्र जीवन गुजारनी पड़ेगी जहाँ पश्चाताप के आँसू बहाने के सिवा उसके पास और कोई रास्ता नहीं बचा है। एक दिन पत्नी ने पैसे नहीं दिए तो उसकी जान ले ली, जेल में उसे कौन देगा पैसा? कौन देगा शराब? नहीं मिलने पर किसकी लेगा जान? सभ्य समाज के लिए यह घटना एक गहरी चिंता का विषय बन गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *