💥“ऑपरेशन अंकुश” के तहत धरमजयगढ़ पुलिस की कार्रवाई, भारत टॉकीज के सामने सट्टा खिलाते एक गिरफ्तार।
💥आरोपी के कब्जे से नगदी रकम, मोबाइल एवं सट्टा-पट्टी जप्त।
💥फरवरी 2026 से अब तक 62 सटोरियों की गिरफ्तारी, रिकार्ड 1 करोड़ 9 लाख रुपये से अधिक की जप्ती।
तहतक न्यूज/धरमजयगढ़-रायगढ़, छत्तीसगढ़। जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन अंकुश” के तहत धरमजयगढ़ पुलिस द्वारा ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए कल एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से नगद रकम, मोबाइल फोन एवं सट्टा-पट्टी जप्त की गई है। आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
भारत टॉकीज के सामने चल रहा था ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा
जानकारी के अनुसार दिनांक 24.05.2026 की रात्रि थाना धरमजयगढ़ पुलिस को सूचना मिली कि भारत टॉकीज धरमजयगढ़, जो लगभग 10-12 वर्षों से बंद पड़ा है, उसके सामने कुछ लोग आईपीएल क्रिकेट मैच में हार-जीत का दांव लगाकर सट्टा खेला रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी धरमजयगढ़ निरीक्षक राजेश जांगड़े के नेतृत्व में एएसआई मंजू मिश्रा एवं हमराह स्टाफ आरक्षक विजयानंद राठिया तथा कमलेश केरकेट्टा द्वारा मौके पर रेड कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम को देखकर मौके पर मौजूद कुछ लोग भाग निकले, जबकि एक व्यक्ति सट्टा-पट्टी लिखते हुए पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम मनीष भौमिक पिता संजन भौमिक उम्र 38 वर्ष निवासी धरमजयगढ़ कॉलोनी, खरसिया रोड थाना धरमजयगढ़ जिला रायगढ़ बताया।
आरोपी के कब्जे से मोबाइल और सट्टा-पट्टी जप्त
आरोपी के कब्जे से एक कागज में आईपीएल क्रिकेट टीमों के नाम एवं रुपये का हिसाब लिखा हुआ मिला। साथ ही आरोपी से 725 रुपये नगद एवं एक मोबाइल फोन जप्त किया गया है। आरोपी के मोबाइल की जांच की जा रही है, जिसमें ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क से जुड़े डिजिटल साक्ष्य मिलने की संभावना है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी धरमजयगढ़ निरीक्षक राजेश जांगड़े, एएसआई मंजू मिश्रा, आरक्षक विजयानंद राठिया एवं कमलेश केरकेट्टा की सराहनीय भूमिका रही।
“ऑपरेशन अंकुश” के तहत 62 सटोरियों पर की गई है कार्रवाई
उल्लेखनीय है कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह की पदस्थापना के बाद से जिले में “ऑपरेशन अंकुश” के तहत अंक सट्टा एवं ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने लगातार अभियान चलाया जा रहा है। रायगढ़ पुलिस द्वारा कोलकाता से लेकर गोवा तक सट्टा नेटवर्क से जुड़े खाईवालों पर कार्रवाई कर उन्हें सलाखों के पीछे भेजा गया है।
बता दें कि फरवरी 2026 से अब तक जिले में कुल 62 सटोरियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनसे 1 करोड़ 9 लाख रुपये से अधिक की नकदी, सैकड़ों मोबाइल फोन, 02 नोट गिनने की मशीन एवं लैपटॉप आदि जप्त किए गए हैं।
“ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा एवं अवैध जुआ गतिविधियां युवाओं और समाज को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से नुकसान पहुंचाने वाला अपराध है। रायगढ़ पुलिस ऐसे संगठित अपराधों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। सट्टा खिलाने वालों के साथ-साथ सट्टा खेलने वालों पर भी कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।” - एसएसपी शशि मोहन सिंह, रायगढ़।



