नाश की जड़ नशे ने मासूम बच्ची को कर दिया अनाथ.. शराबी पिता ने छीन लिया माँ का साया..।

तहतक न्यूज/शनिवार/12अक्टूबर 2024/सीपत।
मारपीट और हत्या जैसे जघन्य अपराध अक्सर नशे के कारण ही होता है और जब नशा उतरता है तो पश्चाताप के सिवा कुछ नहीं रह जाता। ऐसी ही एक घटना में शराब पीने के बाद पति-पत्नी के बीच हुए विवाद ने हत्या का रूप ले लिया। पति ने अपनी ही पत्नी को टंगिया व लकड़ी से वार कर मौत की नींद सुला दिया। घटना सीपत थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम मटियारी की है।

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम मटियारी के शिकारी मोहल्ले में रहने वाली मुमताज शिकारी पति रामफल उर्फ नाना शिकारी उम्र 36 वर्ष गांवों में फेरी लगाकर चूड़ियाँ बेचने का कार्य करती थी। दोनों पति-पत्नी शराब के आदी थे। किसी बात को लेकर पति पत्नी के बीच पिछले एक माह से विवाद चल रहा था। घटना शुक्रवार की शाम लगभग 06 बजे की हैं, जब पति-पत्नी एक साथ शराब पीये और फिर नशे की हालत में दोनों के बीच विवाद शुरु हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि रामफल गुस्से में आकर टंगिया और लकड़ी से मुमताज शिकारी पर ताबड़तोड़ वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गयी। हत्या करने के बाद शव को अलग-अलग टुकड़ों में काटकर ठिकाने लगाकर फरार होने की तैयारी कर ही रहा था, तभी डरी सहमी 6 वर्षीय बेटी के द्वारा पड़ोसियों को घटना की जानकारी मिली तो तत्काल पुलिस को सूचना दी गयी। मौके पर पहुंची पुलिस बेटी के कथन के आधार पर पिता-पुत्र को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही हैं।

मोहल्ले वासियों के अनुसार मुमताज शिकारी शराबी थी, जो अपने पति के साथ आए दिन शराब पिया करती थी और दोनों के बीच विवाद होता रहता था। यह विवाद पिछले एक महीने से चल रहा था। गुस्साए पति के मारपीट से बचने के लिए मुमताज पड़ोसियों के घरों में छिपकर अपनी जान बचाती थी लेकिन इस बार स्थिति कुछ ज्यादा ही बिगड़ गयी और झगड़े ने हत्या का रूप ले लिया।

घटना की तह तक की बात करें तो नशा एक ऐसी चीज है जो सीधे दीमाग पर असर करता है, जिससे इंसान आवेश में आकर अपना विवेक खो बैठता है और न चाहते हुए भी वो कांड कर बैठता है जिसका उसे अहसास नहीं होता।रामफल कोई पेशेवर कातिल नहीं है लेकिन नशे की झोंक व गुस्से में अपनी ही पत्नी की हत्या कर देता है। बहरहाल पुलिस आगे की कार्यवाही कर रही है और अब जहाँ रामफल के पास अपने दाम्पत्य जीवन के अतीत की गहराइयों में खो कर पश्चाताप के आँसू बहाने के सिवा कुछ नहीं रह गया है तो वहीं निर्दोष और मासूम बिटिया का भविष्य उसके माता-पिता के बुरे कर्मों की भेंट चढ़ गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *