माँ व बेटे की नृशन्स हत्या, कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पुलिस कर रही पूछताछ

💥 घर से 20 कि.मी. दूर सड़क किनारे गड्ढे में मिला बेटे का शव, बेटे की शिनाख्ती के बाद जब पुलिस उनके बंद मकान पर पहुँची तो मिली माँ की लाश।
तहतक न्यूज/सूरजपुर,छत्तीसगढ़। सूरजपुर जिले में एक सरकारी शिक्षिका और उनके 18 वर्षीय बेटे की नृशन्स हत्या का बेहद ही सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। बीते 10-11 अक्टूबर को हुई इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है।
       

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान रजनी बरेठ (42 वर्ष) के रूप में हुई है, जो ग्राम बेलटिकरी के एक शासकीय स्कूल में शिक्षिका थीं। उनके बेटे का नाम सुजल बरेठ (18 वर्ष) था, जो बिश्रामपुर के कार्मेल स्कूल में कक्षा 12वीं का छात्र था। वे दोनों जयनगर थाना क्षेत्र में बिश्रामपुर के अंतर्गत ममता कॉलोनी में किराए के मकान में रहते थे।
शनिवार 10 अक्टूबर की सुबह करीब 10:30 बजे सुजल बरेठ का शव घर से लगभग 20 किलोमीटर दूर, अंबिकापुर रोड पर महावीरपुर कालीघाट के पास सड़क किनारे एक गड्ढे में मिला था। उसके शरीर पर धारदार हथियार और चोटों के निशान थे। बेटे की शिनाख्त होने के बाद जब पुलिस उनके बंद मकान पर पहुँची, तो बाहर ताला लगा हुआ था। देर शाम जब पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में ताला तोड़ा, तो अंदर बाथरूम में शिक्षिका रजनी बरेठ की लाश संदिग्ध अवस्था में बरामद हुई।
घटना के बाद से मां और बेटे दोनों के मोबाइल फोन गायब हैं। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि घटना से कुछ समय पहले ही शिक्षिका ने 19 लाख रुपये का लोन लिया था, जिसकी जाँच की जा रही है कि कहीं हत्या का संबंध इस रकम से तो नहीं है।
        सूरजपुर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अलग-अलग जाँच टीमें गठित की हैं। घटनास्थल के आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और फॉरेंसिक व डॉग स्क्वायड की टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने फिलहाल कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ शुरू कर दी है। इस घटना के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) और स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और फास्ट ट्रैक कोर्ट के जरिए सख्त सजा की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *