रायगढ़ के ढिमरापुर रोड के मरम्मत के लिए कांग्रेस ने दिया तीन दिनों का अल्टीमेटम, नहीं तो होगा जन आंदोलन

तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। जिले में भारी वाहनों के लगातार दबाव और बारिश से जर्जर सड़कों ने जहाँ आम नागरिकों का जीना हराम कर रखा है वहीं, रोज हो रही दुर्घटनाओं में बढ़ते लोगों की अकाल मौतों ने यातायात व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सम्बंधित विभाग द्वारा आम जनता को दुर्घटनाओं से केवल बचने के उपाय और चालानी कार्रवाई से ऊपर उठ कर दुर्घटना के कारणों को भी दूर करने के प्रयासों पर ध्यान देने की आवश्यकता है। बता दें कि शहर के ढिमरापुर रोड की बदहाल स्थिति और लगातार बढ़ते दुर्घटना के खतरे को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष शाखा यादव के नेतृत्व में कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर तत्काल सड़क मरम्मत और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।
शाखा यादव ने कहा कि ढिमरापुर रोड पर बड़े गड्ढे और कीचड़ लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। बीते दिवस इसी मार्ग पर कीचड़ में स्कूटी फिसलने से ट्रक की चपेट में आई महिला की दर्दनाक मौत हुई है। इतनी गंभीर घटना के बाद भी यदि प्रशासन सड़क की बदहाली को लेकर तत्काल कदम नहीं उठाता है तो यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण होगा। कथित तौर पर 41 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से नई सड़क बनने की बात सामने आ रही है जो अपनी जगह है, लेकिन नई सड़क बनने तक लोगों की जान जोखिम में नहीं डाली जा सकती। करोड़ों रुपये की सड़क बनने में समय लगेगा, तब तक कुछ लाख रुपये खर्च कर गड्ढों और कीचड़ की मरम्मत कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
       कांग्रेस ने मांग की है कि ढिमरापुर रोड के गड्ढों की तत्काल मरम्मत, पानी एवं कीचड़ की निकासी तथा यातायात को सुचारु रखने के लिए पर्याप्त यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। यही नहीं, कांग्रेस की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में स्पष्ट चेतावनी देते हुए प्रशासन को 3 दिवस का समय दिया गया है। यदि इस अवधि में सड़क की मरम्मत और यातायात व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो जिला कांग्रेस कमेटी ढिमरापुर रोड पर ही धरना-विरोध प्रदर्शन कर शासन-प्रशासन के खिलाफ जनआंदोलन शुरू करेगी। इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
         ज्ञापन सौंपने के दौरान कांग्रेस नेता शाखा यादव, के साथ पूर्व विधायक प्रकाश नायक, हरेराम तिवारी, अरुण गुप्ता, उपेंद्र सिंह, नरेश जायसवाल, शेख सलीम नियारिया, विकास ठेठवार, नारायण घोरे, यशोदा कश्यप, आशीष चौबे, संजुक्ता सिंह, संदीप अग्रवाल, रजत गोयल, संजय चौहान, रत्थू जायसवाल, दीपक भट्ट ,शुक्लांबर भट्ट, दीपक सिंह, वैभव चौबे, अमृत काटजू, सत्यप्रकाश शर्मा, कन्हैया पटेल, मदन महंत, प्रताप सिंह, सोनू पुरोहित उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *