💥महापौर एवं सभापति ने डेंगू जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी।
तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। डेंगू की रोकथाम और नागरिकों को इसके प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से निगम प्रशासन द्वारा जनजागरूकता अभियान अभी से शुरू कर दिया गया है। इसी क्रम में सोमवार को महापौर जीवर्धन चौहान एवं सभापति डिग्री लाल साहू ने डेंगू जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके साथ ही महापौर, सभापति, एमआईसी सदस्य, पार्षदों एल्डरमैन एवं नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारियों ने शहर के प्रमुख मार्गों पर पैदल मार्च कर नागरिकों को डेंगू से बचाव एवं रोकथाम के उपायों की जानकारी दी।
जागरूकता रैली का शुभारंभ महात्मा गांधी प्रतिमा चौक से हुआ। महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्री लाल साहू एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके पश्चात डेंगू जागरूकता रैली प्रारंभ हुई। रैली में सबसे आगे पंक्ति में डेंगू जागरूकता रथ था, जिसमें खासतौर पर छत्तीसगढ़ी भाषा में तैयार की गई डेंगू जागरूकता गीत लाउडस्पीकर पर चल रहा था। इसलिए सड़क पर गुजरने वाले और लोगों की नजर रैली में बनी रही। इस दौरान निगम की टीम ने लोगों से डेंगू के खिलाफ सामूहिक रूप से अभियान में जुड़ने और अपने घर, मोहल्ले तथा आसपास के क्षेत्रों में साफ पानी का जमाव नहीं होने देने के साथ स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।
रैली के दौरान महापौर श्री चौहान एवं सभापति श्री साहू सहित जनप्रतिनिधियों ने नागरिकों को डेंगू से संबंधित जागरूकता पंपलेट वितरित किए। पंपलेट के माध्यम से डेंगू के लक्षण, मच्छरों के प्रजनन स्थलों और इससे बचाव के प्रभावी उपायों की जानकारी दी गई।
महापौर ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि डेंगू की रोकथाम केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक नागरिक अपने घर एवं आसपास पानी का जमाव नहीं होने दे और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखे, तो डेंगू के मच्छरों की उत्पत्ति को काफी हद तक रोका जा सकता है। उन्होंने नागरिकों से नगर निगम के जागरूकता अभियान से जुड़कर रायगढ़ को डेंगू मुक्त बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया।
सभापति डिग्री लाल साहू ने कहा कि डेंगू से बचाव के लिए सावधानी और जागरूकता सबसे प्रभावी उपाय हैं। घरों में कूलर, गमले, टायर, पुराने बर्तन, कबाड़ अथवा अन्य स्थानों पर पानी जमा न होने दें। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक होने के साथ-साथ अपने आसपास के लोगों को भी डेंगू से बचाव के लिए जागरूक करें।
महात्मा गांधी प्रतिमा चौक से प्रारंभ हुई रैली बेटी बचाओ चौक, स्टेशन चौक, सत्तीगुड़ी चौक, घड़ी चौक, हंडी चौक, गौरीशंकर मंदिर सड़क, गोपी टॉकीज चौक एवं संजय मार्केट होते हुए वापस नगर निगम कार्यालय पहुंची, जहां रैली का समापन किया गया।
डेंगू जागरूकता अभियान में महापौर श्री चौहान, सभापति श्री साहू, एमआईसी सदस्य सुरेश गोयल, मुक्तिनाथ बाबुआ, श्रीमती त्रिवेणी डहरे, अमित शर्मा, आनंद भगत, पार्षद हरि सराफ, नरेश पटेल, यादराम साहू, नवाब खान, श्रीमती संगीता यादव, श्रीमती ज्योति यादव, श्रीमती नेहा देवांगन, श्रीमती श्वेता क्षत्रिय, एल्डरमैन सुनील थवाईत, मनोज शर्मा, ज्ञानू गौतम, पप्पू पांडेय, मनीष गाँधी, प्रदीप शृंगी सहित नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। सभी ने एकजुट होकर डेंगू के खिलाफ जनजागरूकता फैलाने और रायगढ़ को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाने का संदेश दिया।



