धरमजयगढ़ एसडीएम कार्यालय में मचा हड़कम्प,लाखों की रिश्वत लेते बाबू को एसीबी ने किया गिरफ्तार



तहतक न्यूज/धरमजयगढ़-रायगढ़, छत्तीसगढ़। जिले के सुदूर वनाँचल क्षेत्र धरमजयगढ़ में भ्रष्टाचार न केवल सिर चढ़ कर बोल रहा है, बल्कि छत पर खड़ा खुलेआम नंगा नाच रहा है और लोग त्राहिमाम-त्राहिमाम कर रहे हैं। आपको यह जानकर बेहद अफसोस और ताज्जुब होगा कि राजस्व मामलों के न्याय के मंदिर में सैकड़ों नहीं न हजारों नहीं लाखों का चढ़ावा देना पड़ता है तब कहीं जाकर न्याय अन्याय का फैसला होता है। बता दें कि धर्मजयगढ़ एसडीएम कार्यालय में पदस्थ बाबू अनिल कुमार चेलक को बिलासपुर की एसीबी टीम ने 1 लाख रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पर एक ग्रामीण की जमीन से जुड़ी शिकायत को रफा-दफा करने के बदले 2 लाख रुपये की मांग करने का आरोप है।
            सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सौदे की पहली किस्त के रूप में जैसे ही आरोपी ने 1 लाख रुपये लिए, पहले से तैनात एसीबी के अधिकारियों ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने रकम को अपने आवास के पीछे फेंकने की कोशिश की, लेकिन पहले से सतर्क एसीबी की टीम ने तुरंत पैसे बरामद कर लिए।
                  एसीबी के डीएसपी अजितेश सिंह की टीम ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। नए साल के पहले ही दिन हुई इस ट्रैप कार्रवाई से पूरे महकमे में खलबली मच गयी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *