महानगरीय तर्ज पर स्टाइलिश सुविधाओं और बड़े प्रोजेक्ट्स से रायगढ़ की बदल रही तस्वीर




💥 करोड़ों रुपए की परियोजनाओं का ओपी ने किया व्यापक निरीक्षण।

💥 कार्यों में प्रगति लाने के साथ आवश्यकतानुसार मानव संसाधन बढ़ाने के दिए निर्देश।

💥 महानगरीय आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा रायगढ़।

तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़।
                   प्रदेश की की सांस्कृतिक नगरी के रूप में प्रसिद्ध रायगढ़ शहर अपनी मूल आत्मा और भावनाओं के साथ स्मार्ट सुविधाओं और बड़े प्रॉजेक्ट्स के साथ छत्तीसगढ़ के अन्य महानगर की तर्ज पर शहर विकास की नई गति पकड़ चुका है। महानगर की तर्ज पर सुविधाओं से लैस और योजनाबद्ध शहर बनाने की दिशा में आज शुक्रवार को प्रदेश के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने नगर निगम क्षेत्र में चल रहे प्रमुख निर्माण कार्यों का विस्तृत निरीक्षण किया। सुबह से कई घंटों तक चला यह दौरा शहर के विभिन्न शहर के हिस्सों में हो रहे विकास के स्तर और प्रगति को परखने पर केंद्रित रहा।

            अपने निर्वाचन क्षेत्र रायगढ़ के प्रवास के दौरान
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने नगर निगम क्षेत्र में कई घंटों तक विभिन्न परियोजनाओं का विस्तृत निरीक्षण किया और अधिकारियों को समयबद्ध एवं उच्च गुणवत्ता में कार्य पूरा करने के निर्देश दिये, उन्होंने कहा कि “रायगढ़ को महानगर जैसी सुविधाएँ देना हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बेहतर सड़कें, सुरक्षित जलस्रोत, आधुनिक मनोरंजन स्थल और मजबूत शैक्षणिक ढांचा, इन्हीं सबके आधार पर भविष्य का विकसित रायगढ़ निर्मित होगा।

                      निरीक्षण के दौरान वित्त मंत्री सबसे पहले इतवारी बाजार स्थित ऑक्सीजोन पहुंचे। इसके बाद उन्होंने नालंदा परिसर, रायगढ़ स्टेडियम में बन रहे सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक, 4.5 करोड़ रुपये से बन रहे स्विमिंग पूल, मिट्ठूमुड़ा तालाब के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण कार्य स्थल, कबीर चौक में तैयार हो रहे 13 करोड़ के दूसरे बड़े ऑक्सीजोन और ऐतिहासिक पहाड़ मंदिर परिसर में प्रस्तावित विकास कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने पहाड़ मंदिर चढ़कर हनुमान मंदिर का दर्शन कर स्थल निरीक्षण किया।पहाड़ मंदिर परिसर को पर्यटन की दृष्टि से और विकसित करने के प्रयासों पर भी चर्चा की गई।शहर में प्रवेश मार्गों पर स्थित ओवरब्रिजों पर हो रहे भित्तिचित्र एवं कलात्मक पेंटिंग कार्य की गुणवत्ता की भी वित्त मंत्री ने सराहना की।

केलो नदी संरक्षण और संवर्धन के साथ होंगे चार बड़े काम
            केलो नदी के विकास के लिए प्रस्तावित चार बड़े प्रोजेक्ट अब मंजूर हो चुके हैं और जल्द ही शहर में बड़े पैमाने पर जल संरचना का विकास होगा।
इनमें 42 करोड़ रुपए की लागत से खर्रा घाट बैराज का निर्माण सबसे महत्वपूर्ण परियोजना है, जो निविदा स्तर पर है। इसके अतिरिक्त पुराने एनीकेट का जीर्णोद्धार 3.50 करोड़, अतरमुड़ा में नया एनीकेट 8 करोड़, तथा नवापाली एनीकेट निर्माण 7.30 करोड़ रुपये की स्वीकृति भी मिल चुकी है। इन सभी परियोजनाओं के लिए एजेंसी चयन हो चुका है और जल्द ही कार्य प्रारंभ होंगे।

शहर की छह प्रमुख सड़कें होंगी फोरलेन
            रायगढ़ शहर को आधुनिक परिवहन सुविधा देने और ट्रैफिक दबाव कम करने के उद्देश्य से छह महत्वपूर्ण मार्गों को फोरलेन में बदला जाएगा। इनमें ढीमरापुर चौक से पतरापाली जिंदल मार्ग, उर्दना चौक से सर्किट हाउस, रायगढ़-कोतरा-नंदेली मार्ग, ढीमरापुर से कोतरा थाना लाइन, टीवी टावर से मेडिकल कॉलेज और रायगढ़-लोईंग-महापल्ली मार्ग शामिल हैं।

मरीन ड्राइव को मिलेगा नया आकर्षक रूप
                 रायगढ़ की पहचान बन चुके मरीन ड्राइव का सौंदर्यीकरण अब और बड़े पैमाने पर किया जा रहा है। शनि मंदिर से छठ घाट तक लगभग 30 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण और सौंदर्यीकरण कार्य प्रस्तावित हैं, जो पूरा होने पर शहर का यह क्षेत्र और अधिक आकर्षक और सुरक्षित बन जाएगा। निरीक्षण के दौरान महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्रीलाल साहू, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, निगम आयुक्त ब्रजेश क्षत्रिय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *