तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। अवैध रेत उत्खनन और परिवहन करते पाये जाने पर खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक चैन माउंटेन मशीन सहित 7 ट्रैक्टर और 4 जेसीबी मशीन जब्त की है। शुक्रवार सुबह लेबड़ा और देवरी के बीच मांड नदी के किनारे विभाग की टीम ने दबिश दी और मौके से उत्खनन व परिवहन में लगे वाहनों को कब्जे में लिया। सभी जब्त वाहनों को कलेक्ट्रेट परिसर में खड़ा कराया गया है, जहाँ जाँच प्रक्रिया पूरी कर आगे की चालानी कार्रवाई की जाएगी।
मिली जानकारी के मुताबिक, लम्बे समय से लेबड़ा और देवरी के बीच मांड नदी के किनारे अवैध रेत उत्खनन और परिवहन किया जा रहा था, जिसकी सूचना पर खनिज विभाग ने तड़के सुबह कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान मौके से रेत का परिवहन करते हुए 6 ट्रैक्टर पकड़े गए, जबकि अवैध उत्खनन कार्य में लगी एक चैन माउंटेन मशीन, एक लोडिंग ट्रैक्टर और 4 जेसीबी मशीनों को जब्त किया गया।
विदित हो कि इस कार्रवाई के लिए उप-निरीक्षक उमेश सिंह और अनुराग बड़ा के नेतृत्व में खनिज विभाग के आठ सदस्यीय दल का गठन किया गया था। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से अचानक मौके पर पहुँचकर कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम की इस छापामार कार्रवाई से क्षेत्र के रेत माफियायों में हड़कंप मच गया है।
खनिज विभाग के अनुसार, मांड नदी क्षेत्र से लम्बे समय से अवैध रेत उत्खनन की शिकायतें मिल रही थीं। पूर्व में कई बार टीम ने पकड़ने का प्रयास किया, किन्तु टीम के पहुँचने से पहले ही संबंधित लोग मौके से हट जाते थे। इस बार विभाग की टीम ने सूझबूझ और चालाकी से कार्रवाई करते हुए बड़ी संख्या में मशीनरी और वाहन जब्त किए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध उत्खनन और परिवहन के विरुद्ध इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
फिलहाल, खनिज विभाग अलर्ट मोड पर है और इसी तरह निरंतर धर-पकड़ व सख्त कार्रवाई हो तो निश्चित ही रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन पर पूर्णतया अंकुश लगाया जा सकता है।



