तहतक न्यूज। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने एक महत्वपूर्ण वैवाहिक विवाद में फैमिली कोर्ट का फैसला पलटते हुए पति की तलाक की अपील स्वीकार कर ली है। यह आदेश जस्टिस पीपी साहू और जस्टिस सुषमा सावंत की डिवीजन बेंच ने सुनाया। अदालत ने हिंदू विवाह अधिनियम की धारा 13(1)(ia) (मानसिक क्रूरता) के तहत विवाह विच्छेद की डिक्री जारी की है।
मामला कोरिया जिले के बैकुंठपुर निवासी दंपती का है, जहाँ दंपती की शादी वर्ष 1994 में हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। उनके एक बेटा और दो बेटियां हैं। पति ने पत्नी के दूसरे पुरुष से संबंध होने और उसके लगातार संपर्क में रहने का आरोप लगाते हुए तलाक की अर्जी लगाई थी।
पति का आरोप था कि पत्नी के एक अन्य पुरुष से संबंध हैं। मना करने के बावजूद वह उससे फोन पर बातचीत करती थी। पति की गैरमौजूदगी में उसे घर बुलाने और उसके साथ बाहर जाने की गतिविधियां भी जारी थीं।
पति ने हाईकोर्ट में अपील के दौरान अपने साथ बेटे और बेटी की गवाही को भी आधार बनाया। दोनों बच्चों ने परिजन के घर में मौजूद नहीं रहने पर एक व्यक्ति के आने और महिला से मिलने की जानकारी दी थी।
हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि विवाह के बाद किसी अन्य पुरुष से लगातार फोन पर बातचीत करना, पति की गैरमौजूदगी में उसे घर बुलाना और उसके साथ बाहर जाना मानसिक क्रूरता के दायरे में आता है। अदालत ने कहा कि ऐसे मामलों में हर बार शारीरिक संबंधों के प्रत्यक्ष प्रमाण (जैसे वीडियो या रिकॉर्डिंग) जुटाना संभव नहीं होता। इसलिए परिस्थितिजन्य साक्ष्यों और बच्चों व अन्य गवाहों के बयानों के आधार पर भी मानसिक क्रूरता तय की जा सकती है।
जस्टिस पीपी साहू और जस्टिस सुषमा सावंत की डिवीजन बेंच ने मामले में कहा कि पति की आपत्ति के बावजूद पत्नी का दूसरे पुरुष से लगातार संपर्क बनाए रखना और उससे मिलना वैवाहिक जीवन में मानसिक क्रूरता के समान हो सकता है। इसके लिए हर मामले में शारीरिक संबंधों का प्रत्यक्ष प्रमाण जरूरी नहीं है।
कोर्ट ने गवाहों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों की पड़ताल की। इसमें पति के साथ बच्चों की गवाही को भी विचार योग्य माना गया।
बता दें कि, 23 नवंबर 2019 को फैमिली कोर्ट ने पर्याप्त साक्ष्य नहीं होने के आधार पर पति की अर्जी खारिज कर दी थी। इसके बाद पति ने हाईकोर्ट में अपील की। हाईकोर्ट ने पाया कि फैमिली कोर्ट ने मामले के कई पहलुओं पर विचार नहीं किया था। इसके बाद निचली अदालत का फैसला पलटते हुए पति की तलाक की अपील स्वीकार कर ली।



