💥शराब पीने की बात पर हुआ विवाद, सरपंच के घर बेटे की शिकायत करने जा रहे माता-पिता पर बेटे ने किया हमला।
तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। कहते हैं बुढ़ापे का सहारा केवल संतान ही होते हैं, लेकिन दिल को झकझोर कर रख देने वाली एक घटना ने उक्त कथन की प्रमाणिकता को संशय के दायरे में खड़ा कर लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है। जी हाँ, एक शराबी बेटे ने अपने ही बुजुर्ग पिता की टंगिया से वार कर निर्मम हत्या कर दी।

जानकारी के अनुसार, यह घटना थाना खरसिया क्षेत्रांतर्गत ग्राम रानीसागर की है, जहाँ 24 नवंबर की रात करीब 8:30 बजे परिवार के सभी सदस्य घर पर मौजूद थे। इसी दौरान उनका बेटा राजकुमार गिरी शराब के नशे में घर पहुँचा। इस पर पिता धरम उर्फ श्रवण गिरी (65 साल) ने उसे समझाइश देते हुए कहा कि आज पूजा-पाठ का दिन है और घर चलाने के लिए पैसे नहीं होने के बावजूद वह रोज शराब पीकर घर आता है। इसी बात को लेकर राजकुमार गिरी आक्रोशित हो गया और अपने पिता के साथ मारपीट करने लगा।
इसके बाद रात करीब 9 बजे श्रवण गिरी, अपनी पत्नी के साथ घटना की शिकायत करने सरपंच के घर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से टंगिया लेकर पहुँचे बेटे राजकुमार ने सरपंच के घर के गेट के पास उन्हें रोकते हुए शिकायत करने जाने की बात पर गुस्से में अपने पिता धरम उर्फ श्रवण गिरी के सिर पर टंगिया से वार कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल होकर धरम गिरी जमीन पर गिर पड़े। इसके बावजूद बेटे ने उनके सिर एवं पीठ पर टंगिया से वार कर उनकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव, फॉरेंसिक टीम, थाना प्रभारी खरसिया निरीक्षक सीताराम ध्रुव अपने स्टाफ के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुँचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने आरोपी राजकुमार गिरी (36 साल) जो वारदात को अंजाम देने के बाद फरार होने की ताक में था, उसे हिरासत में लिया गया है, आगे की विवेचना कार्रवाई की जा रही है। शीघ्र आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जावेगा।
“पारिवारिक विवाद और नशे की लत किस तरह गंभीर अपराधों का रूप ले सकती है, यह घटना उसका दुखद उदाहरण है। शराब के नशे में आपा खोकर अपने ही पिता की हत्या करना अत्यंत गंभीर एवं दुर्भाग्यपूर्ण है। समाज में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए नशे से दूर रहना, पारिवारिक विवादों को समझदारी और संवाद से सुलझाना तथा किसी भी विवाद की स्थिति में कानून का सहारा लेना आवश्यक है। रायगढ़ पुलिस मामले की गंभीरता से विवेचना कर रही है। आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर कानून के अनुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।”- एसएसपी शशि मोहन सिंह, रायगढ़।



