तहतक न्यूज/धमतरी,छत्तीसगढ़। जिले के नगरी इलाके में एक घर के भीतर आयोजित 'चंगाई सभा' (प्रार्थना सभा) को लेकर भारी बवाल हुआ है, जिसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों पर दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं।
बताया जा रहा है कि, नगरी क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 12 में एक निजी घर के अंदर ईसाई प्रार्थना सभा चल रही थी। हिंदू जागरण मंच और सकल हिंदू समाज के सदस्यों ने मौके पर पहुँचकर सभा में कथित धर्मांतरण कराए जाने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी की।
पुलिस और प्रदर्शनकारियों में झड़प
स्थिति को नियंत्रित करने पहुँची पुलिस और हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की हुई।
वायरल वीडियो और पुलिस पर आरोप
सोशल मीडिया पर नगरी/सिहावा थाना प्रभारी चक्रधर बाघ का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें उन पर प्रदर्शनकारियों के साथ गाली-गलौज करने का आरोप लगा है। एक अन्य वायरल वीडियो में सब-इंस्पेक्टर गणेश खुटे यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि राज्य सरकार के आदेश के मुताबिक हर प्रार्थना सभा को सुरक्षा दी जाएगी। इस बयान पर हिंदू संगठनों ने कड़ी आपत्ति जताई और आदेश सार्वजनिक करने की मांग की।
SP की सफाई
धमतरी एसपी भावना पांडेय ने स्पष्ट किया है कि प्रार्थना सभाओं को सुरक्षा देने के लिए किसी भी तरह का कोई विशेष सरकारी आदेश जारी नहीं किया गया है। साथ ही उन्होंने थाना प्रभारी के वायरल वीडियो की निष्पक्ष जाँच कराने के निर्देश दिए हैं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र पांडेय के अनुसार, इस विवाद के बाद पुलिस ने दो अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं:
1. शासकीय कार्य में बाधा
पहली एफआईआर विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मी के साथ मारपीट करने और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में दर्ज की गई है।
2. धार्मिक भावनाएं आहत करना
दूसरी एफआईआर नरसिंह मरकाम की शिकायत पर दिनेश साहू नामक व्यक्ति के खिलाफ दर्ज की गई है, जिस पर भगवान श्रीराम के खिलाफ अभद्र टिप्पणी कर धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक दोनों ही मामलों में जाँच और बयान दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। फिलहाल, किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।



