💥महिला उद्यमियों को दिया गया पॉलीहाउस प्रबंधन एवं पौध उत्पादन का प्रशिक्षण।
💥डोंगाढकेल और जोरापाली की महिलाओं ने सीखी उन्नत पौध तैयार करने की तकनीकें।
💥 कोसमपाली की अनुभवी महिलाओं ने साझा किए अपने अनुभव।
तहतक न्यूज/रायगढ़। ग्रामीण महिलाओं को कृषि आधारित आजीविका से जोड़ने और किसानों को गुणवत्तापूर्ण पौध उपलब्ध कराने के उद्देश्य से HDFC Bank Parivartan के सहयोग से PRADAN द्वारा रायगढ़ जिले के डोंगाढकेल, जोरापाली और कोसमपाली गांवों में तीन पॉलीहाउस स्थापित किए गए हैं।
इसी पहल के तहत 30 अक्टूबर 2026 को ग्राम कोसमपाली में पॉलीहाउस प्रबंधन एवं पौध उत्पादन पर एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसमें डोंगाढकेल के जय मां लक्ष्मी स्वयं सहायता समूह और जोरापाली के हरिकांति स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने भाग लिया।


प्रशिक्षण का संचालन कोसमपाली के विजय लक्ष्मी एवं मां लक्ष्मी स्वयं सहायता समूह की अनुभवी महिलाओं ने किया। पिछले लगभग नौ महीनों से पौध उत्पादन, गुणवत्ता प्रबंधन और बाजार में बिक्री का अनुभव रखने वाली इन महिलाओं ने अपने व्यावहारिक ज्ञान को अन्य महिलाओं के साथ साझा किया।
प्रशिक्षण में कोकोपीट, वर्मी कम्पोस्ट, परलाइट, स्यूडोमोनास एवं ट्राइकोडर्मा जैसी सामग्रियों की उपयोगिता और उचित मात्रा की जानकारी दी गई। साथ ही पौध उत्पादन के लिए माध्यम तैयार करने, सीडलिंग ट्रे में भरने, बीज की बुवाई तथा पौधों की देखभाल का व्यावहारिक अभ्यास कराया गया।
इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को सक्षम उद्यमी के रूप में विकसित करना और स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण पौध उत्पादन को बढ़ावा देना है। इससे रायगढ़ जिले के किसानों को उचित एवं किफायती दरों पर स्थानीय स्तर पर पौध उपलब्ध हो सकेगी। साथ ही, क्षेत्र की जलवायु और कृषि परिस्थितियों के अनुकूल पौध उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम में PRADAN से रहमान अंसारी, नूर आलम, पुष्पा एवं नम्रता उपस्थित रहे। HDFC Bank Parivartan के सहयोग से PRADAN की यह पहल महिलाओं की उद्यमशीलता बढ़ाने और ग्रामीण कृषि व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।



