तहतक न्यूज। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में तैनात 28 वर्षीय सब-इंस्पेक्टर संदीप कुमार प्रजापति ने शनिवार, 14 नवंबर 2026 की शाम आत्महत्या कर ली। इस मामले में पुलिस ने ब्लैकमेलिंग और मानसिक प्रताड़ना के आरोप में एक 22 वर्षीय युवती को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

संदीप कुमार प्रजापति मूल रूप से संत कबीरनगर जिले के निवासी थे और पिछले 11 महीनों से बलिया के चितबड़ागांव थाने में तैनात थे। घटना से दो दिन पहले ही उनका तबादला पकड़ी थाने में हुआ था। उनके परिवार में मां, पत्नी रागिनी प्रजापति और 6 महीने का एक बच्चा है। शनिवार शाम संदीप का शव बरामद हुआ, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जाँच शुरू की।
मृतक दारोगा की पत्नी रागिनी प्रजापति ने चितबड़ागांव थाने में सिकंदरपुर क्षेत्र के सिसोटार गांव निवासी 22 वर्षीय युवती रोली गोंड के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करायी है, जिसमें पत्नी ने आरोप लगाया कि रोली उनके पति को ब्लैकमेल कर रही थी, जिससे तंग आकर उन्होंने यह कदम उठाया।
रिपोर्ट के अनुसार, युवती ऑडियो और वीडियो कॉल रिकॉर्ड कर दारोगा से पैसे ऐंठ रही थी और उन पर शादी करने का दबाव बना रही थी। बात न मानने पर वह झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी देती थी। बलिया पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के निर्देश पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रविवार सुबह आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जाँच में यह भी सामने आया है कि आरोपी महिला पर पहले भी एक अन्य कर्मी को इसी तरह फंसाने का आरोप लग चुका है।
पोस्टमार्टम के बाद रविवार को पुलिस लाइन में एसपी डॉ. ईरज राजा और अन्य पुलिसकर्मियों ने संदीप प्रजापति के पार्थिव शरीर को गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम सलामी दी।



