जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के न पहुँच पाने से गरमायी सियासत


तहतक न्यूज/रायगढ़, छत्तीसगढ़। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन खराब मौसम के कारण आज 15 नवंबर को रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में प्रत्यक्ष रूप से शामिल नहीं हो सके। घने कोहरे के चलते उनका चार्टर विमान रायगढ़ में लैंड नहीं कर पाया और विमान को वापस लौटना पड़ा। इस वजह से उनका धरमजयगढ़ दौरा रद्द करना पड़ा।
        कार्यक्रम स्थल पर न पहुँच पाने के बावजूद उन्होंने ऑनलाइन माध्यम से समारोह को संबोधित किया और आदिवासी समाज को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर शुभकामनाएं दीं। धरमजयगढ़ के दशहरा मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी, उपमुख्यमंत्री अरुण साव व विजय शर्मा सहित राज्य मंत्रिमंडल के कई सदस्य मौजूद रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित किया।
      वहीं दूसरी ओर कांग्रेस के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने इस मामले में भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए तंज कसा। विकास उपाध्याय ने कहा कि आदिवासी समाज के आक्रोश से भाजपा घबरा गई है, इसलिए अचानक दौरा रद्द करना पड़ा। नितिन नबीन आज जनजातीय गौरव दिवस मनाने आने वाले थे, लेकिन अचानक पता चला की खराब मौसम की वजह से उनका विमान रायगढ़ में लैंड नहीं कर पाया, लेकिन इसके पीछे की असली वजह कुछ और है। विकास उपाध्याय ने कहा कि आदिवासी दिवस नहीं मनाकर जनजातीय गौरव दिवस मनाया जा रहा है, जिससे आदिवासी समाज में आक्रोश है। कांग्रेस नेता ने दावा किया कि इस कार्यक्रम में आदिवासी समाज की नाराजगी खुलकर सामने आ सकती थी। यह नाराजगी केवल छत्तीसगढ़ तक सीमित नहीं रहती, बल्कि पूरे देश में एक माहौल तैयार कर सकती थी।
       इस घटनाक्रम पर तीखा तंज कसते हुए प्रांतीय कांग्रेस प्रवक्ता हरेराम तिवारी ने कहा कि भाजपा ने धरमजयगढ़ में भीड़ जुटाने के लिए जिस स्तर पर सरकारी मशीनरी और संगठनात्मक संसाधनों का इस्तेमाल किया, उससे यह आयोजन जनजातीय समाज के सम्मान से ज्यादा राष्ट्रीय अध्यक्ष के सामने अपनी ताकत दिखाने का प्रदर्शन बनकर रह गया। बसों के अधिग्रहण से आम लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई, पड़ोसी जिलों और राज्यों तक से भीड़ लाने की व्यवस्था की गई और अखबारों के पन्ने विज्ञापनों से भर दिए गए। लेकिन जिस चेहरे के स्वागत में इतना बड़ा राजनीतिक मंच सजाया गया था, वही चेहरा जनता के सामने नहीं पहुँचा।
हरेराम तिवारी ने कहा कि सवाल सिर्फ नितिन नवीन के विमान के लैंड नहीं कर पाने का नहीं है। सवाल उन लाखों छत्तीसगढ़ियों की उम्मीदों का है,जिन्होंने जनजातीय गौरव दिवस के इस आयोजन से अपने समाज के लिए किसी बड़ी घोषणा,विशेष पैकेज, रोजगार, शिक्षा,स्वास्थ्य और विकास की सौगात की उम्मीद लगाई थी। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि भाजपा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को छत्तीसगढ़ की ताकत दिखाने के लिए पूरा इंतजाम किया था, लेकिन छत्तीसगढ़ की जनता को राष्ट्रीय अध्यक्ष का चेहरा तक देखने का अवसर नहीं मिला। विडंबना देखिए कि जिस प्रदेश की जनता और भाजपा कार्यकर्ता उनके स्वागत में दिन-रात एक कर रहे थे,उसी प्रदेश को निराश छोड़कर नितिन नवीन के पटना में छठ मनाने पहुँचने की खबर ने राजनीतिक सवालों को और गहरा कर दिया।
हरेराम तिवारी ने तंज कसा कि भाजपा की तैयारी में बसें भी थीं, बैनर भी थे, विज्ञापन भी थे, भीड़ भी थी और मंच भी था, बस जिस मेहमान के लिए यह पूरा आयोजन सजाया गया था, वही नहीं थे। जिला भाजपा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को खुश करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी, लेकिन अंत में मेहनत का फल मुख्यमंत्री के संबोधन और खाली उम्मीदों के रूप में मिला। भाजपा के लिए यह आयोजन शक्ति प्रदर्शन कम और संगठनात्मक किरकिरी ज्यादा बनकर रह गया। उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस कोई राजनीतिक ब्रांडिंग या नेताओं के स्वागत का इवेंट नहीं,बल्कि भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, स्वाभिमान और आदिवासी अस्मिता से जुड़ा ऐतिहासिक अवसर है।इसे भीड़ और विज्ञापनों के आंकड़ों में समेटने के बजाय जनजातीय समाज के जीवन में वास्तविक बदलाव लाने वाली घोषणाओं से जोड़ना चाहिए था। छत्तीसगढ़ की जनता को अब विज्ञापनों में विकास और मंचों पर गौरवगान नहीं, बल्कि जमीन पर परिणाम चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *