पैसों की लालच में अंधे भतीजे ने कर दी बुआ की हत्या, क्या कभी थम पायेगा हत्याओं का सिलसिला ?

तहतक न्यूज/कापू।
नये साल 2025 के आगमन पर लोग जहाँ खुशियाँ मनाने की तैयारी में जुटे थे वहीं दूर खड़ी मातम भी किसी को घात लगाये इंतजार कर रही थी और जैसे ही उसे मौका मिला, एक यादव परिवार इसकी चपेट में आ गया और उसके ऊपर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार रायगढ़ जिले के कापू थाना क्षेत्र के ग्राम रतनपुर में 31 दिसंबर 2024 को नैहर साय यादव के परिवार में एक दुखद घटना घट गयी।वृद्ध नैहर साय यादव की बहन दुलारी बाई यादव (55) की उसके भतीजे रत्थुराम ने टांगी से मार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। हालांकि घटना की सूचना पर कापू पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

बताया जा रहा है, नैहर साय यादव और उसकी पत्नी की वृद्धावस्था में देखभाल उनकी बहन दुलारी बाई करती है। नैहर साय अपने पैसे पोटली में बांधकर अपने पास रखते थे। घटना के दिन नैहर साय का भतीजा रत्थुराम यादव उनके घर पहुंचा और पोटली से पैसे निकालने लगा जिसे दुलारी बाई ने देख लिया और ऐसा करने से मना किया। मना करने के बाद रत्थुराम वहां से भाग गया।

कुछ समय बाद, जब दुलारी बाई बाल्टी लेकर हैंडपंप से पानी भरने गईं, रत्थुराम ने वहां दुलारी की लोहे की बाल्टी छीन कर उसके साथ मारपीट की और अपने घर चला गया। इसके बाद, रत्थुराम टांगी लेकर वापस नैहर साय यादव के घर पहुंचा और दुलारी बाई के सिर पर टांगी से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। दुलारी बाई को तुरंत सीएचसी कापू ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।
इस हृदय विदारक घटना के तह तक की बात की जाय तो इस कथित सभ्य समाज में हो रही इस तरह की घटनाएं निश्चित ही गंभीर चिंता का विषय है। कब कौन किसे क्या कर दे रहा है कोई भरोसा नहीं है। नियम कानून का किसी को कोई भय नहीं है। जन रक्षा के लिए पुलिस है और पुलिस अपना कार्यवाही भी करती है और आरोपी को कानून के हवाले भी करती है फिर भी ऐसी घटनाओं की पुनरावृति बार-बार क्यों हो रही है ऐसे में सवालों के घेरे पूरा सिस्टम खड़ा नजर आ रहा है। जरुरत है जिम्मेदारों को गहन मंथन करने की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *