बेटी और दामाद के बीच चल रहे विवाद में बीच-बचाव करना ससुर को पड़ा महँगा, गंवानी पड़ी जान


तहतक न्यूज/छत्तीसगढ़। प्रदेश के बालोद जिले में शराब के नशे में धुत्त एक दामाद ने अपने ससुर (मामा ससुर) की कुल्हाड़ी से वार कर निर्मम हत्या कर दी है।

यह खौफनाक वारदात जिले के महामाया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले आडेझर गांव में शनिवार, 7 नवंबर 2026 की देर रात करीब 12 बजे घटित हुई। हत्या के शिकार हुए बुजुर्ग की पहचान 60 वर्षीय रत्तीराम के रूप में हुई है, जो आडेझर गांव के निवासी थे। हत्या का आरोपी रत्तीराम का दामाद (घर जमाई) सुखराम नेताम है।
        

जानकारी के अनुसार, घटना के समय रत्तीराम अपने घर में बिस्तर पर लेटे हुए थे। इसी दौरान शराब के नशे में धुत होकर सुखराम नेताम अपनी पत्नी के साथ विवाद करने लगा। जब ससुर रत्तीराम ने अपनी बेटी और दामाद के बीच हो रहे इस घरेलू झगड़े को शांत कराने और बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपी सुखराम बुरी तरह भड़क गया। उसने गुस्से में आकर पास रखी कुल्हाड़ी (टंगिया) से अपने ससुर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई।
         

वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी भागने की फिराक में था, लेकिन घर के लोगों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुँच गए। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी दामाद को पकड़ लिया और उसे रस्सी से खूंटे से बांध दिया। ग्रामीणों ने घटना की सूचना तुरंत महामाया थाना पुलिस को दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी सुखराम नेताम को अपनी हिरासत में ले लिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *