तेज आवाज में बज रहे डीजे की वाइब्रेशन से एक पुरानी और जर्जर इमारत हुआ जमींदोज

तहतक न्यूज/रायपुर,छत्तीसगढ़। राजधानी रायपुर के व्यस्त सदर बाजार इलाके में शुक्रवार देर रात तेज आवाज में बज रहे डीजे की वाइब्रेशन (कंपन) के कारण एक पुरानी और जर्जर इमारत का सामने का हिस्सा भरभराकर गिर गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ और एक बड़ा हादसा टल गया।
        दरअसल, गणेश उत्सव के दौरान बप्पा के आगमन के मद्देनजर सदर बाजार मार्ग से डीजे और धुमाल की झांकियां गुजर रही थीं। डीजे के बेहद तेज साउंड से उत्पन्न हुए कंपन को यह पुरानी और जर्जर इमारत बर्दाश्त नहीं कर सकी और उसके सामने का छज्जा नीचे आ गिरा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और नगर निगम रायपुर की टीम मौके पर पहुँची। सुरक्षा के लिहाज से वाहनों की आवाजाही को रोक दिया गया और मलबे को हटाने का काम शुरू किया गया।
पहले से मिला था नोटिस
       नगर निगम जोन-4 के कमिश्नर के मुताबिक, यह भवन काफी पुराना और जर्जर था, जिसे खाली करने के लिए नगर निगम द्वारा पहले भी नोटिस दिया जा चुका था। हादसे के बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में जर्जर भवनों के पास तेज आवाज में डीजे और साउंड सिस्टम बजाने पर रोक लगा दी है। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में तेज आवाज के डीजे संचालकों के खिलाफ काफी नाराजगी देखी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *